जमशेदपुर में LPG टैंकर से गैस रिसाव, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी के पास मरीन ड्राइव पर मंगलवार देर रात LPG से भरे टैंकर से अचानक गैस रिसाव होने लगा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। टैंकर चालक की सूझबूझ और पुलिस की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। गैस रिसाव की सूचना मिलते ही सोनारी पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर मरीन ड्राइव पर दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही रोक दी। आसपास बस्तियां होने के कारण पुलिस ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कुछ घंटों के लिए मार्ग पर लोगों की आवाजाही भी रोक दी।

ट्रक की टक्कर से टूट गया टैंकर का नॉब

जानकारी के अनुसार, HP का LPG टैंकर आदित्यपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान एक ट्रक ने टैंकर को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर के कारण टैंकर का नॉब टूट गया और उससे तेज गति से गैस रिसाव शुरू हो गया। रिसाव का पता चलते ही चालक ने तत्काल टैंकर को सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर खड़ा किया। इसके बाद उसने कंपनी प्रबंधन और सोनारी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद कंपनी के अधिकारी और तकनीकी टीम घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने काफी मशक्कत के बाद टैंकर से हो रहे गैस रिसाव को नियंत्रित किया। रिसाव रुकने के बाद स्थिति सामान्य हुई और आवश्यक जांच के बाद टैंकर को आगे के लिए रवाना कर दिया गया।

सुरक्षा के लिए मरीन ड्राइव पर रोका गया ट्रैफिक

गैस रिसाव की गंभीरता को देखते हुए सोनारी पुलिस ने टाटा स्टील और अग्निशमन विभाग को भी सूचना दी। इसके बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और एहतियाती इंतजाम किए गए। सोनारी थाना प्रभारी मधुसूदन डे ने बताया कि टैंकर से गैस काफी तेजी से निकल रही थी, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका थी। इसी वजह से सुरक्षा के मद्देनजर मरीन ड्राइव पर तत्काल यातायात रोक दिया गया। हालात सामान्य होने के बाद सड़क पर आवागमन दोबारा शुरू कर दिया गया।

यह भी पढ़ें : हलाला के बाद पूर्व पति का दोबारा निकाह से इनकार अपराध नहीं, झारखंड हाईकोर्ट ने दी अग्रिम जमानत

हल्दिया से आदित्यपुर जा रहा था टैंकर

टैंकर मालिक शिव मल्होत्रा के अनुसार, LPG टैंकर हल्दिया से आदित्यपुर स्थित एक प्लांट की ओर जा रहा था। रास्ते में दूसरे वाहन की टक्कर के बाद टैंकर से गैस रिसाव शुरू हुआ। फिलहाल पुलिस घटना की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है। चालक की सतर्कता और समय रहते उठाए गए सुरक्षा कदमों से संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया।

संबंधित खबरें