Samachar Post रिपोर्टर, साहिबगंज : गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और जिले में बनी बाढ़ की स्थिति को देखते हुए साहिबगंज जिला प्रशासन ने गंगा किनारे स्थित बाढ़ प्रभावित सरकारी और निजी स्कूलों को 9 और 10 सितंबर 2026 को बंद रखने का आदेश दिया है। जिला प्रशासन ने यह फैसला छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है। आदेश उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, साहिबगंज के कार्यालय की ओर से जारी किया गया है।
खतरे के निशान से 1.25 मीटर ऊपर गंगा
जिला प्रशासन के आदेश के अनुसार, केंद्रीय जल आयोग, निचली गंगा मंडल-2, पटना से 8 सितंबर को मिली सूचना के आधार पर साहिबगंज में गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से करीब 1.25 मीटर ऊपर बह रहा था। इसके साथ ही 9 सितंबर की सुबह 8 बजे तक जलस्तर में करीब 13 सेंटीमीटर और बढ़ोतरी की संभावना जताई गई थी। लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

छात्र और शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर लिया फैसला
गंगा के बढ़ते जलस्तर से जिले के कई क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। नदी किनारे स्थित स्कूलों में आने-जाने वाले विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए ऐसे हालात में जोखिम बढ़ सकता है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने प्रभावित सरकारी और निजी विद्यालयों को दो दिनों के लिए बंद रखने का निर्णय लिया है, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके। जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि गंगा तट के बाढ़ प्रभावित सरकारी और निजी विद्यालय 9 एवं 10 सितंबर को बंद रहेंगे। जिला प्रशासन ने संबंधित स्कूलों के प्रधानाध्यापक और प्रभारी प्रधानाध्यापकों को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
यह भी पढ़ें : झारखंड में आज 13 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट, 40 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भेजी गई सूचना
स्कूल बंद रखने के फैसले की जानकारी संबंधित प्रखंड के प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, क्षेत्रीय शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक को भी दी गई है। इसके अलावा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, अपर समाहर्ता और उप विकास आयुक्त, साहिबगंज को भी आदेश की प्रति भेजकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। बाढ़ की स्थिति और गंगा के जलस्तर पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है। आगे की स्थिति के अनुसार स्कूलों को लेकर अतिरिक्त निर्णय लिया जा सकता है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।


