Samachar Post रिपोर्टर, रांची : आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने कोलकाता में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच बंगाल के विकास, सामाजिक-सांस्कृतिक विरासत और क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
बंगाल के उज्ज्वल भविष्य की कामना
सुदेश महतो ने शुभेंदु अधिकारी को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उनके नेतृत्व में पश्चिम बंगाल के विकास और सकारात्मक माहौल की कामना की। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप बंगाल विकास की नई दिशा में आगे बढ़े और लोगों की आकांक्षाएं पूरी हों। मुलाकात के दौरान क्षेत्र की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, सामाजिक-सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और जनभावनाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हुआ। सुदेश महतो ने इन विषयों से संबंधित जानकारी और अपने विचार मुख्यमंत्री के साथ साझा किए।
यह भी पढ़ें : रोहतास में बढ़ा सोन नदी का जलस्तर, इंद्रपुरी बराज के सभी 69 फाटक खोले गए

सोहराय पेंटिंग और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान
मुलाकात के दौरान सुदेश कुमार महतो ने शुभेंदु अधिकारी को झारखंड की प्रसिद्ध सोहराय पेंटिंग और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इसके जवाब में शुभेंदु अधिकारी ने उन्हें दक्षिणेश्वर काली की प्रतिमा और अंगवस्त्र भेंट किया। दोनों नेताओं के बीच हुई यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई, जिसमें सामाजिक और सांस्कृतिक विषयों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया गया।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

