Samachar Post डेस्क, रांची : झारखंड में सड़क निर्माण कंपनियों को धमकी दिए जाने का एक और मामला सामने आया है। राहुल सिंह गैंग के नाम से सोशल मीडिया पर एक कथित धमकी भरा ऑडियो वायरल हो रहा है। इसमें कुड़ू से उदयपुरा बाइपास सड़क का निर्माण करा रही कंपनी को 48 घंटे के भीतर बातचीत करने का अल्टीमेटम दिए जाने की बात कही गई है।
अधिकारियों और कर्मचारियों को निशाना बनाने की धमकी
वायरल ऑडियो में कथित तौर पर कहा गया है कि यदि 48 घंटे के भीतर कंपनी की ओर से बातचीत नहीं की गई, तो सड़क निर्माण से जुड़े अधिकारियों, पदाधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य लोगों को निशाना बनाया जाएगा। ऑडियो में मजदूरों को नुकसान नहीं पहुंचाने की बात भी कही गई है। ऑडियो में एक व्यक्ति कथित तौर पर यह भी कह रहा है कि बिना ‘मैनेज’ किए काम करने की कोशिश करने पर गोली मार दी जाएगी। हालांकि, वायरल ऑडियो की प्रामाणिकता और उसमें कही गई बातों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
विनय पांडे और तुषार मिश्रा का नाम भी लिया गया
वायरल रिकॉर्डिंग में विनय पांडे और तुषार मिश्रा का नाम लिए जाने का दावा किया जा रहा है। साथ ही सोशल मीडिया पर विनय पांडे की एक तस्वीर भी राहुल सिंह गैंग के नाम से शेयर की गई है। तस्वीर के साथ कंपनी से 48 घंटे के भीतर बातचीत करने का संदेश प्रसारित होने की बात सामने आई है। इससे सड़क निर्माण कार्य से जुड़े लोगों में चिंता का माहौल है।

यह भी पढ़ें : पलामू में 2014 के रिश्वत मामले में तत्कालीन आपूर्ति पदाधिकारी को 5 साल की सजा
पुलिस कर सकती है ऑडियो और तस्वीर की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस वायरल ऑडियो और सोशल मीडिया पर प्रसारित तस्वीर की जांच कर सकती है। पुलिस के सामने यह पता लगाने की चुनौती होगी कि ऑडियो किसने रिकॉर्ड किया, इसे किसने सोशल मीडिया पर प्रसारित किया और धमकी के पीछे वास्तव में कौन लोग हैं। फिलहाल वायरल ऑडियो के आधार पर पुलिस स्तर पर जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ने की संभावना है। धमकी देने वालों की पहचान और मामले की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

