Samachar Post रिपोर्टर, रांची : श्री कृष्ण जन्मोत्सव आयोजन समिति, मोरहाबादी के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर उन्हें जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण दिया। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि 3 सितंबर 2026 को “बाल गोपाल” कार्यक्रम और 4 सितंबर 2026 को मोरहाबादी मैदान में दही हांडी फोड़ प्रतियोगिता, भजन संध्या एवं रासलीला का आयोजन किया जाएगा। समिति ने मुख्यमंत्री से दोनों कार्यक्रमों में शामिल होने का आग्रह किया।
जन्माष्टमी पर होंगे कई कार्यक्रम
समिति के सदस्यों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर बाल गोपाल कार्यक्रम, दही हांडी प्रतियोगिता और अन्य धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जा रहा है। मोरहाबादी मैदान में होने वाली दही हांडी प्रतियोगिता के साथ भजन संध्या और रासलीला भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। आयोजन को लेकर समिति की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।
यह भी पढ़ें : संथाली पेपर में सिलेबस से बाहर सवालों का आरोप, धनबाद में अभ्यर्थियों का प्रदर्शन; 2 सितंबर को रांची में आंदोलन

समिति के कई पदाधिकारी रहे मौजूद
मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में श्री कृष्ण जन्मोत्सव आयोजन समिति के मुख्य संरक्षक राजीव रंजन प्रसाद, अध्यक्ष विनोद गोप, संरक्षक डॉ. राजेश गुप्ता, डॉ. कुमार राजा, सचिव रोहित सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष राहुल किट्टू सिंह, महासचिव मनोज गुप्ता और संयुक्त सचिव नरेंद्र सिंह समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।समिति ने मुख्यमंत्री को जन्माष्टमी समारोह की तैयारियों और प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी दी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

