रक्षाबंधन से पहले महिलाओं को झारखंड सरकार का तोहफा, खातों में पहुंची ₹2,500 की सम्मान राशि

Meenu | August 27, 2026 | 11:14 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची : रक्षाबंधन से पहले झारखंड सरकार ने महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की 3 लाख 95 हजार 692 लाभुक महिलाओं के बैंक खातों में अगस्त महीने की सम्मान राशि भेज दी गई है। प्रत्येक लाभुक के खाते में 2,500 रुपये की राशि आधार आधारित प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से हस्तांतरित की गई है। जिला प्रशासन के अनुसार, अगस्त महीने के भुगतान के तहत रांची जिले की लाभुक महिलाओं के खातों में कुल 98 करोड़ 92 लाख 30 हजार रुपये भेजे गए हैं। प्रशासन का कहना है कि योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सहयोग देना है।

यह भी पढ़ें : पलामू में बारिश से उफान पर धूरिया नदी, टापू बनीं दो बस्तियां; मरीज को अस्पताल ले जाना भी मुश्किल

कांके में सबसे ज्यादा लाभुक

रांची जिले में लाभुक महिलाओं की संख्या के मामले में कांके प्रखंड सबसे आगे है। यहां 31,620 महिलाओं को योजना की राशि मिली है। इसके बाद टाउन अर्बन क्षेत्र में 26,042, मांडर में 23,008, सिल्ली में 21,335, बेड़ो में 20,620, रातू में 20,427 और चान्हो में 19,374 लाभुक शामिल हैं। अन्य क्षेत्रों में नगड़ी के 18,345, नामकुम के 18,071, ओरमांझी के 17,898, बुढ़मू के 17,841 और अनगड़ा के 16,796 लाभुकों के खातों में राशि भेजी गई है।

इन क्षेत्रों में भी पहुंची सम्मान राशि

हेहल शहरी क्षेत्र में 16,376, अरगोड़ा शहरी क्षेत्र में 13,406, सोनाहातू में 13,114, लापुंग में 11,866, इटकी में 10,152 और बड़गाईं शहरी क्षेत्र में 10,124 महिलाओं को अगस्त की सम्मान राशि मिली है। प्रशासन के मुताबिक जिले के अन्य क्षेत्रों की पात्र लाभुक महिलाओं के खातों में भी राशि हस्तांतरित की गई है।

उपायुक्त ने कहा- कोई पात्र महिला लाभ से वंचित न रहे

रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि योजना का लाभ पात्र महिलाओं तक पारदर्शी, सुगम और समयबद्ध तरीके से पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रशासन यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहा है कि कोई भी पात्र महिला योजना के लाभ से वंचित न रहे। भुगतान प्रक्रिया की नियमित समीक्षा की जा रही है और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

Share this news

संबंधित खबरें