Samachar Post डेस्क, पटना : बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE 4 को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है। आयोग के एग्जामिनेशन कंट्रोलर राजेश कुमार सिंह के मुताबिक TRE 4 को दो चरणों में आयोजित करने का फैसला बरकरार रहेगा। परीक्षा की तारीख आवेदन की संख्या स्पष्ट होने के बाद तय की जाएगी। आयोग के संकेतों के अनुसार अक्टूबर में परीक्षा कार्यक्रम जारी हो सकता है, जबकि परीक्षा नवंबर या दिसंबर में होने की संभावना है। BPSC के अनुसार TRE 4 को दो चरणों में कराने का निर्णय बदला नहीं गया है। आयोग का कहना है कि देश के कई राज्यों और भर्ती आयोगों में भी परीक्षाएं इसी तरह आयोजित की जा रही हैं। परीक्षा प्रक्रिया को लेकर आर्थिक अपराध इकाई (EOU) से मिले सुझावों को भी ध्यान में रखा गया है।
निगेटिव मार्किंग पर BPSC ने दी सफाई
TRE 4 समेत BPSC की ऑब्जेक्टिव परीक्षाओं में निगेटिव मार्किंग को लेकर आयोग ने कहा कि गलत उत्तरों पर अंक काटने का नियम सभी अभ्यर्थियों पर समान रूप से लागू होता है। यह नियम किसी खास अभ्यर्थी या वर्ग को ध्यान में रखकर नहीं बनाया गया है। परीक्षा में हिंदी माध्यम के अभ्यर्थियों को कम और अंग्रेजी माध्यम के अभ्यर्थियों को अधिक अंक मिलने के आरोपों को BPSC ने खारिज किया है। आयोग के मुताबिक आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों से परीक्षा के माध्यम से संबंधित अलग से जानकारी नहीं ली जाती। इसलिए हिंदी और अंग्रेजी माध्यम के आधार पर अभ्यर्थियों का अलग-अलग डेटा आयोग के पास उपलब्ध नहीं है।
60 फीसदी से ज्यादा अंक पर होती है दोबारा जांच
कॉपियों में 60 प्रतिशत से अधिक अंक आने पर दोबारा जांच किए जाने के सवाल पर भी BPSC ने स्थिति स्पष्ट की। आयोग ने कहा कि 60 प्रतिशत से अधिक अंक मिलने पर कॉपी की जांच प्रक्रिया अपनाई जाती है। इसका मतलब यह नहीं है कि किसी अभ्यर्थी को 60 प्रतिशत से अधिक अंक दिए ही नहीं जा सकते। TRE 4 की परीक्षा कितने दिनों में होगी, यह आवेदन की संख्या पर निर्भर करेगा। आयोग के अनुसार अगर आवेदन की संख्या 5 लाख तक रहती है तो परीक्षा एक दिन में आयोजित की जा सकती है। इससे अधिक आवेदन होने पर परीक्षा दो या तीन दिनों में कराई जा सकती है।

अक्टूबर में डेट, नवंबर-दिसंबर में परीक्षा संभव
TRE 4 की निश्चित परीक्षा तारीख अभी घोषित नहीं हुई है। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने और आवेदनों की संख्या सामने आने के बाद आयोग परीक्षा कार्यक्रम तय करेगा। मौजूदा संकेतों के अनुसार अक्टूबर 2026 में परीक्षा की तारीख जारी होने की संभावना है। वहीं TRE 4 परीक्षा नवंबर या दिसंबर 2026 में आयोजित हो सकती है।
यह भी पढ़ें : हातु बाई ठाव का बोर्ड और सरना झंडा हटाने पर आदिवासी समाज में आक्रोश, आवास बोर्ड मुख्यालय का घेराव
TRE 4 अभ्यर्थियों के लिए अहम बातें
TRE 4 परीक्षा दो चरणों में आयोजित होगी। निगेटिव मार्किंग का नियम लागू रहेगा। हिंदी और अंग्रेजी माध्यम के आधार पर अंक देने में भेदभाव के आरोप BPSC ने खारिज किए हैं। 60 प्रतिशत से अधिक अंक आने पर कॉपी की दोबारा जांच की प्रक्रिया अपनाई जाती है। आवेदन की संख्या के आधार पर परीक्षा एक से तीन दिनों में हो सकती है। अक्टूबर में परीक्षा कार्यक्रम जारी होने की संभावना है। नवंबर या दिसंबर में TRE 4 परीक्षा होने की उम्मीद है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

