Samachar Post रिपोर्टर,दुमका : दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के नोनीहाट में जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर के घर से देर रात एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 28 वर्षीय सोनू राउत के रूप में हुई है। वह देवघर जिले के सारवां थाना क्षेत्र के दोयम तेलियाडीह गांव का रहने वाला था। जानकारी के अनुसार, सोनू राउत विधायक के घर पर खाना बनाने का काम करता था और डाक बंगला परिसर में रहकर अपनी ड्यूटी करता था। बताया गया कि सोमवार सुबह उसने घर में सभी के लिए नाश्ता तैयार किया। इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया। दोपहर का खाना बनाने के समय जब उसकी तलाश की गई तो वह नहीं मिला। काफी खोजबीन के बाद उसके कमरे में सोनू का शव मिला। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
यह भी पढ़ें : BPSC TRE 4: दो चरणों में होगी शिक्षक भर्ती परीक्षा, अक्टूबर में जारी हो सकती है तारीख

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ नवल किशोर सिंह के नेतृत्व में हंसडीहा और रामगढ़ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा खुलवाकर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों ने सोनू की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या या आत्महत्या के संबंध में कोई निष्कर्ष नहीं दिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह
एसडीपीओ नवल किशोर सिंह ने बताया कि विधायक के घर से एक युवक का शव बरामद हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



















