जमशेदपुर के छायानगर में युवक का शव मिलने से सनसनी, गले पर निशान से हत्या की आशंका

Rupa Kumari | August 25, 2026 | 11:23 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर में मंगलवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान ह्यूमपाइप निवासी चंदन गिरी के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, सुबह स्थानीय लोगों ने चंदन को मृत अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

गले पर निशान मिलने से हत्या का शक

पुलिस की शुरुआती जांच में चंदन की मौत संदिग्ध मानी जा रही है। उसके गले पर निशान मिले हैं, जिसके आधार पर गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास जांच करने के साथ स्थानीय लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है।

आखिरी बार किन लोगों के संपर्क में था, जांच जारी

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चंदन आखिरी बार किन लोगों के संपर्क में था और घटना से पहले उसके साथ कौन-कौन मौजूद था। उसके मोबाइल फोन और अन्य संभावित साक्ष्यों की भी जांच की जा सकती है। थाना प्रभारी के अनुसार, चंदन गिरी का पूर्व में आपराधिक इतिहास भी रहा है। इसी वजह से पुलिस पुरानी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें : धनबाद में 48 घंटे में बढ़ा भू-धंसान का दायरा, घर छोड़ सड़क पर आए रैयत

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगी तस्वीर

फिलहाल पुलिस हत्या की वजह और संभावित आरोपियों की पहचान में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें