Samachar Post रिपोर्टर,रांची : झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे क्षेत्रों में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार, 24 से 27 अगस्त तक राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, गरज और वज्रपात की संभावना है। इसे देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले एक सप्ताह तक अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। सोमवार को पलामू, गढ़वा और लातेहार में भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, लोहरदगा और खूंटी में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। राज्य के अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।
25 अगस्त: दक्षिण-पश्चिम झारखंड में ज्यादा असर
25 अगस्त को गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम और आसपास के इलाकों के साथ खूंटी में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। अन्य जिलों में तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
26 अगस्त: कई हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान
26 अगस्त को उत्तर-पश्चिमी, दक्षिण-पश्चिमी और मध्य झारखंड में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान कई स्थानों पर गरज के साथ वज्रपात की भी आशंका है। मौसम विभाग ने इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।

27 अगस्त: रांची समेत 8 जिलों में चेतावनी
27 अगस्त को रांची, बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़, कोडरमा, धनबाद, चतरा और गिरिडीह में भारी बारिश की संभावना है। खासकर रांची में भारी बारिश को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। 28 और 29 अगस्त को राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान कई इलाकों में बादल छाए रहने का अनुमान है।
30 अगस्त के बाद कम होगी बारिश
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 30 अगस्त के बाद झारखंड में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। फिलहाल लोगों को भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और वज्रपात के समय खुले स्थानों पर नहीं रहने की सलाह दी गई है।

Reporter | Samachar Post

