चांडिल में पितकी ROB का उद्घाटन, NH-18 पर जाम से मिलेगी राहत

Meenu | August 22, 2026 | 05:36 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,सरायकेला : चांडिल जंक्शन के पास पितकी रेलवे फाटक पर नवनिर्मित रेलवे ओवरब्रिज (ROB) का उद्घाटन सांसद संजय सेठ और विधायक सविता महतो ने किया। ROB के शुरू होने से लंबे समय से रेलवे फाटक और NH-18 पर जाम की समस्या से परेशान लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। उद्घाटन समारोह में सांसद संजय सेठ ने कहा कि पितकी रेलवे फाटक के कारण लोगों को लंबे समय तक जाम में फंसे रहना पड़ता था। कई बार जाम की स्थिति काफी गंभीर हो जाती थी। उन्होंने कहा कि ROB शुरू होने के बाद आवागमन सुगम होगा और चांडिल क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। सांसद ने इसे क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण परियोजना बताते हुए कहा कि इससे पुरुलिया तक पहुंचने में भी समय कम होगा।

यह भी पढ़ें : कांड्रा में दो लापता युवकों के शव जमीन में दबे मिले, पुलिस जांच में जुटी

3-4 महीने में पूरा होगा ROB का दूसरा हिस्सा

सांसद संजय सेठ ने बताया कि ROB का दूसरा हिस्सा भी जल्द पूरा होने की उम्मीद है। उनके अनुसार, अगले 3 से 4 महीने में दूसरे हिस्से का काम पूरा हो सकता है। दूसरी ओर, ग्रामीणों की मांग पर ROB और आसपास के मार्ग पर स्पीड ब्रेकर लगाने के लिए NHAI को निर्देश दिए गए हैं। इससे तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और स्थानीय लोगों की सुरक्षा में मदद मिलने की उम्मीद है।

चिलगु पुल को लेकर सवाल, नहीं मिला जवाब

कार्यक्रम के दौरान चिलगु के क्षतिग्रस्त पुल के पुनर्निर्माण को लेकर भी सवाल उठाया गया। हालांकि, सांसद संजय सेठ ने इस मुद्दे पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। पितकी ROB के उद्घाटन के बाद अब स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से स्थायी राहत मिलेगी और क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी।

Share this news

संबंधित खबरें