Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : नाला थाना क्षेत्र के कास्ता-अफजलपुर मार्ग पर बड़डंगाल गांव के पास शनिवार को हुए सड़क हादसे में घायल ट्रैक्टर चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान शेख अकबर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसके बाद चालक इंजन के नीचे दब गया था।
ट्रैक्टर पलटने से इंजन के नीचे दबे चालक
जानकारी के अनुसार, शेख अकबर ट्रैक्टर लेकर कास्ता-अफजलपुर मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान बड़डंगाल गांव के पास अचानक वाहन से उनका नियंत्रण हट गया और ट्रैक्टर पलट गया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर के इंजन के नीचे दब गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव में जुट गए।
ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया
स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद शेख अकबर को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के केलेजोड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। शेख अकबर की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए आसनसोल रेफर कर दिया। वहां उनका इलाज चल रहा था, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ और आखिरकार उनकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें : झारखंड में 28 अगस्त तक बना रहेगा मानसून का असर, कई जिलों में बारिश की संभावना

मौत की खबर से परिवार में मचा कोहराम
शेख अकबर की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। शुरुआती तौर पर वाहन की तेज रफ्तार या किसी तकनीकी खराबी के कारण ट्रैक्टर के अनियंत्रित होकर पलटने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

