गिरिडीह में बाबूलाल मरांडी का सरकार पर हमला, बोले- छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश

Meenu | August 22, 2026 | 01:10 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह : नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने शनिवार को गिरिडीह में प्रेस वार्ता कर राज्य सरकार और झामुमो पर निशाना साधा। उन्होंने हाल के दिनों में गिरिडीह, रांची और हजारीबाग में छात्रों एवं छात्र नेताओं के साथ हुई कथित मारपीट और पुतला दहन कार्यक्रमों को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। मरांडी ने आरोप लगाया कि छात्रों के आंदोलन को दबाने के लिए सुनियोजित तरीके से काम किया जा रहा है और सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वाले छात्रों को लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन करने से रोका जा रहा है।

यह भी पढ़ें : हाईस्कूल शिक्षक नियुक्ति 2016 केस: प्रार्थियों को दावा पेश करने का अंतिम मौका, 12 सितंबर को अगली सुनवाई

छात्र आंदोलन को रोकने के लिए रणनीति बनाने का आरोप

बाबूलाल मरांडी ने दावा किया कि छात्रों के आंदोलन और विरोध-प्रदर्शन को रोकने के लिए पहले से पार्टी स्तर पर बैठक कर रणनीति तैयार की गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां भी छात्र अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन या सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराने पहुंच रहे हैं, वहां उनके साथ मारपीट की जा रही है। मरांडी ने इसे छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश बताया। मरांडी ने कहा कि पुतला दहन भी विरोध दर्ज कराने का एक लोकतांत्रिक माध्यम है। ऐसे में छात्रों को पुतला दहन करने से रोकना और उनके साथ मारपीट करना उचित नहीं है।उन्होंने कहा कि विपक्ष छात्रों के साथ खड़ा है और उनके लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ाई में उनका समर्थन करता रहेगा।

परीक्षा गड़बड़ी मामले में CBI जांच की मांग

परीक्षाओं में कथित अनियमितता के मुद्दे पर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि विपक्ष ने किसी परीक्षा को रद्द करने की मांग नहीं की है। उनकी मांग केवल पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की है। उन्होंने परीक्षा से जुड़े विवाद की CBI जांच कराने की मांग की, ताकि मामले की पूरी सच्चाई सामने आ सके और यदि किसी स्तर पर गड़बड़ी हुई है तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई हो।

दोषियों को कानून के मुताबिक सजा देने की मांग

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दोषी किसी भी राजनीतिक दल, पद या प्रभाव से जुड़ा हो, उसे बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार से छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

Share this news

संबंधित खबरें