हाईस्कूल शिक्षक नियुक्ति 2016 केस: प्रार्थियों को दावा पेश करने का अंतिम मौका, 12 सितंबर को अगली सुनवाई

Rupa Kumari | August 22, 2026 | 12:46 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : स्नातक प्रशिक्षित शिक्षक संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2016 से जुड़ी नियुक्ति मामले में वन मैन फैक्ट फाइंडिंग कमीशन ने प्रार्थियों को अपना दावा पेश करने के लिए अंतिम मौका दिया है। कमीशन के अध्यक्ष सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति गौतम कुमार चौधरी ने शनिवार को मामले की ऑनलाइन सुनवाई की। सुनवाई के दौरान कुछ प्रार्थियों ने कमीशन के समक्ष नियुक्ति से संबंधित अपना दावा और जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत किए। इसके बाद कमीशन ने सभी प्रार्थियों को दावा दाखिल करने के लिए दो सप्ताह का अंतिम समय दिया है। इसके बाद किसी भी नए दावे या क्लेम को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

दावे में देनी होगी पूरी जानकारी

कमीशन ने प्रार्थियों से कहा है कि वे अपने दावे में स्पष्ट रूप से बताएं कि वे नियुक्ति के लिए किस आधार पर योग्य हैं। इसके साथ ही उन्हें अपनी संबंधित श्रेणी में चयनित ऐसे अभ्यर्थी का विवरण देना होगा, जिसके अंक उनसे कम हैं। प्रार्थियों को अपना स्वयं का प्राप्तांक भी बताना होगा, ताकि कमीशन नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़े दावों और उपलब्ध आंकड़ों का तुलनात्मक अध्ययन कर सके। मामले की अगली सुनवाई 12 सितंबर को होगी। शनिवार की सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता शेखर प्रसाद गुप्ता, राजेश कुमार, अमृतांश वत्स, शुभम मिश्रा समेत अन्य अधिवक्ताओं ने ऑनलाइन माध्यम से अपना पक्ष रखा।

यह भी पढ़ें : गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचे बाबूलाल मरांडी, घायल ABVP कार्यकर्ता का जाना हाल

फैक्ट फाइंडिंग कमीशन को मिला तीन महीने का अतिरिक्त समय

हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति दीपक रोशन की अदालत ने मीना कुमारी एवं अन्य से जुड़े 257 याचिकाओं पर फैसला सुनाते हुए शिक्षक नियुक्ति मामले की जांच के लिए फैक्ट फाइंडिंग कमीशन का गठन किया था। कमीशन की अध्यक्षता हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति गौतम कुमार चौधरी को सौंपी गई है। कमीशन को पहले निर्धारित समय सीमा में जांच रिपोर्ट सौंपनी थी, लेकिन समय पूरा होने के बाद हाईकोर्ट ने जांच के लिए तीन महीने का अतिरिक्त समय प्रदान कर दिया। अब कमीशन प्रार्थियों के दावों और नियुक्ति से जुड़े रिकॉर्ड की जांच के आधार पर अपनी रिपोर्ट तैयार करेगा।

Share this news

संबंधित खबरें