Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने के दौरान छात्र नेताओं और JMM कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प के बाद गिरिडीह में सियासी हलचल तेज है। घटना में घायल दो युवकों का इलाज गिरिडीह सदर अस्पताल में चल रहा है। शनिवार को नेता प्रतिपक्ष और विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।
यह भी पढ़ें : छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में हजारीबाग में आज मौन जुलूस, रिफॉर्म मंच ने की अपील
घायल ABVP कार्यकर्ता से की मुलाकात
बाबूलाल मरांडी ने सदर अस्पताल में भर्ती ABVP कार्यकर्ता मंटू मुर्मू से मुलाकात की। उन्होंने मंटू के स्वास्थ्य की जानकारी ली और डॉक्टरों से उसके इलाज की स्थिति के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। नेता प्रतिपक्ष ने घटना को लेकर घायल युवक और उसके परिजनों से भी जानकारी ली। बताया गया कि छात्रों और छात्र संगठनों की ओर से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान JMM कार्यकर्ताओं और छात्र नेताओं के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों में झड़प हो गई। घटना में दो युवक घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

बाबूलाल मरांडी ने की निष्पक्ष जांच की मांग
घायलों से मुलाकात के बाद बाबूलाल मरांडी ने घटना पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले छात्रों के साथ मारपीट की घटना गंभीर है। उन्होंने घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि घटना की सच्चाई सामने आनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।

Reporter | Samachar Post

