Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित टाटानगर रेलवे स्टेशन की पार्किंग में विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में तीन युवक घायल हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए सदर अस्पताल से घायलों की मेडिकल रिपोर्ट मांगी है। जानकारी के मुताबिक, पार्किंग में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद हाथापाई और मारपीट में बदल गया। आरोप है कि पार्किंग कर्मचारी और एक ऑटो चालक ने कोलकाता से ट्रेनिंग पूरी कर लौट रहे तीन युवकों के साथ मारपीट की।
यह भी पढ़ें : CMO को बम से उड़ाने की धमकी की सूचना, सचिवालय और मुख्यमंत्री कार्यालय में हाई अलर्ट
मारपीट में तीन युवक घायल
पुलिस के अनुसार, घटना में फुरकान अली (18), मो. जलरियान शहजादा (20) और हेमंत सिंह (20) घायल हुए हैं। फुरकान अली कीताडीह के रहने वाले बताए गए हैं। वहीं मो. जलरियान शहजादा गोलमुरी और हेमंत सिंह परसुडीह के प्रमोद नगर के निवासी बताए गए हैं। मामले में पुलिस को दी गई जानकारी के मुताबिक फुरकान अली के सिर से खून बहने और हाथ में चोट लगने की बात सामने आई है। वहीं, अन्य दोनों युवकों के शरीर में चोट और दर्द की शिकायत बताई गई है। घटना के बाद तीनों घायलों का इलाज कराया गया।

पुलिस ने सदर अस्पताल से मांगी मेडिकल रिपोर्ट
मामले की जांच के लिए बर्मामाइंस थाना पुलिस ने सदर अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारी को पत्र भेजा है। पुलिस ने तीनों घायलों के इलाज और मेडिकल जांच की रिपोर्ट उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। पुलिस के मुताबिक मेडिकल रिपोर्ट घटना में लगी चोटों की प्रकृति स्पष्ट करने और आगे की कार्रवाई में महत्वपूर्ण होगी। रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Reporter | Samachar Post

