Samachar Post रिपोर्टर,रांची : आंदोलनरत छात्रों और झारखंड सरकार के बीच सोमवार को तीसरे दौर की वार्ता होनी है। वार्ता से पहले कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों की जायज मांगों को लेकर गंभीर है और बातचीत के दौरान सकारात्मक समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। मंत्री ने परीक्षा से जुड़े मामलों की जांच, JSSC-CGL परीक्षा और परीक्षा प्रणाली में सुधार को लेकर भी सरकार की स्थिति स्पष्ट की।
यह भी पढ़ें : धनबाद : बाइक और हाईवा की टक्कर में युवक की मौत, पुलिस जांच में जुटी
परीक्षा मामलों की CID जांच, जरूरत पर ED से सहयोग
दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि TDPL द्वारा आयोजित परीक्षा समेत अन्य मामलों की जांच राज्य की एजेंसी CID करेगी। उन्होंने कहा कि यदि जांच के दौरान वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े पहलू सामने आते हैं, तो जरूरत पड़ने पर ED से भी सहयोग मांगा जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों की चिंताओं को गंभीरता से ले रही है और जांच के जरिए मामले की वास्तविक स्थिति सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।
JSSC-CGL रद्द करने पर क्या बोलीं मंत्री?
JSSC-CGL परीक्षा और नियुक्तियों को लेकर मंत्री ने कहा कि छात्रों की चिंताओं से सरकार अवगत है। हालांकि, उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के बाद परीक्षा के परिणाम जारी किए जा चुके हैं और अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र भी दिए गए हैं। कई अभ्यर्थी एक साल से अधिक समय से सेवा में हैं, ऐसे में नियुक्तियों को रद्द करने का फैसला आसान नहीं है। उन्होंने कहा कि आज होने वाली वार्ता में सरकार CGL से जुड़े मुद्दे पर भी छात्रों के साथ गंभीरता से चर्चा करेगी।

परीक्षा प्रणाली में बड़े सुधार की तैयारी
मंत्री ने कहा कि छात्रों की सबसे बड़ी चिंता मौजूदा परीक्षा प्रणाली को लेकर है। सरकार परीक्षा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और भरोसेमंद बनाने के लिए व्यापक सुधार की तैयारी कर रही है। इसके लिए IIT, ISM, XLRI और XISS जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञों को शामिल करते हुए एक समिति गठित करने का प्रस्ताव है। यह समिति छात्रों, अभिभावकों, शिक्षाविदों और अन्य हितधारकों से सुझाव लेकर परीक्षा प्रणाली में सुधार की रूपरेखा तैयार करेगी।
दोपहर 2 बजे के बाद होगी तीसरे दौर की वार्ता
दीपिका पांडेय सिंह ने बताया कि आंदोलनकारी छात्रों के प्रतिनिधिमंडल के साथ दोपहर 2 बजे के बाद तीसरे दौर की बातचीत होगी। सरकार का कहना है कि वार्ता के जरिए गतिरोध खत्म करने और छात्रों की जायज मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने का प्रयास किया जाएगा। अब सबकी नजर इस बात पर है कि तीसरे दौर की बातचीत में सरकार और छात्रों के बीच किन मुद्दों पर सहमति बनती है।

Reporter | Samachar Post

