मुख्यमंत्री से K. Raju ने की मुलाकात, छात्र आंदोलन और पेपर लीक पर हुई गंभीर बातचीत

Meenu | August 17, 2026 | 01:03 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची : झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर छात्र आंदोलन, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर चर्चा की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं का जल्द समाधान होना चाहिए और शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे विद्यार्थियों की मांगों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। के. राजू ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस देशभर में छात्रों की समस्याओं और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को उठा रही है। राज्यों में छात्रों की आवाज, भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर भी चर्चा जरूरी है।

यह भी पढ़ें : छात्र आंदोलन और माइनिंग संशोधन बिल पर कांग्रेस का तीखा हमला, बड़े आंदोलन की चेतावनी

छात्रों के मुद्दों के साथ खड़ी है कांग्रेस

कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि पेपर लीक की समस्या को रोकने के लिए व्यवस्था में जरूरी सुधार किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार छात्रों के मुद्दों को उठा रहे हैं और कांग्रेस पार्टी विद्यार्थियों के साथ खड़ी है। उन्होंने भाजपा शासन के दौरान शिक्षा व्यवस्था में आरएसएस के प्रभाव को लेकर राहुल गांधी द्वारा उठाए गए सवालों का भी जिक्र किया। के. राजू ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए व्यापक स्तर पर काम करने की जरूरत है।

जंतर-मंतर प्रदर्शन का भी किया जिक्र

के. राजू ने जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि वहां पुलिस कार्रवाई का मुद्दा भी कांग्रेस ने संसद और संसद के बाहर उठाया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का रुख स्पष्ट है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हिंसा या बल का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए। छात्रों की मांगों को बातचीत के जरिए सुलझाने की कोशिश होनी चाहिए। झारखंड के छात्र आंदोलन को लेकर भी राहुल गांधी के रुख का जिक्र करते हुए के. राजू ने कहा कि राहुल गांधी ने एक छात्र नेता से फोन पर बातचीत की थी। उन्होंने छात्रों की समस्याओं के समाधान की जरूरत बताते हुए कांग्रेस की ओर से उनके साथ खड़े रहने की बात कही थी। के. राजू के मुताबिक, राहुल गांधी ने छात्रों की समस्याओं के समाधान में कांग्रेस की ओर से हरसंभव योगदान देने की बात कही है।

मुख्यमंत्री के साथ हुई चर्चा

के. राजू ने बताया कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर पूरे मामले पर चर्चा की और छात्रों की समस्याओं का जल्द समाधान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने मामले के समाधान के लिए चार सदस्यीय समिति गठित की है, जिसमें कांग्रेस के मंत्री भी शामिल हैं।

आज छात्रों से मुलाकात करेगी समिति

के. राजू ने बताया कि गठित समिति अब छात्रों से मुलाकात करेगी। उन्होंने कहा कि आंदोलन से जुड़े कई मुद्दों पर अब तक क्या प्रगति हुई है, इसकी जानकारी सभी को है। उन्होंने उम्मीद जताई कि समिति छात्रों से बातचीत कर लंबित मुद्दों की जानकारी लेगी और मुख्यमंत्री भी छात्र प्रतिनिधियों से बातचीत कर समस्याओं के समाधान की दिशा में जल्द कदम उठाएंगे।

राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री को भेजा पत्र

के. राजू ने बताया कि राहुल गांधी ने करीब दो दिन पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र भेजा था। इस पत्र में छात्रों के मुद्दे पर कांग्रेस का रुख स्पष्ट किया गया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के कार्यालय की ओर से पत्र को राष्ट्रीय मीडिया के सामने जारी किया गया है, जिसमें आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ कांग्रेस की स्थिति और उनकी मांगों के समाधान को लेकर पार्टी का पक्ष सामने रखा गया है। के. राजू ने कहा कि यह पूरी तरह विद्यार्थियों से जुड़ा मुद्दा है और उनकी समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों की मांगों के साथ खड़ी है और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए अपना योगदान जारी रखेगी।

Share this news

संबंधित खबरें