Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : कथित कोयला घोटाले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कार्रवाई तेज करते हुए चर्चित कोयला कारोबारी एलबी सिंह से जुड़े पांच लोगों को पूछताछ के लिए समन जारी किया है। समन पाने वालों में एलबी सिंह की पत्नी आरती सिंह, भाई विश्वविजय सिंह और साले रंजीत कुमार सिंह के अलावा कारोबारी अनिल गोयल से जुड़े शब्बीर आलम और महेंद्र सिंह शामिल हैं। ईडी ने आरती सिंह को 20 अगस्त को अपने क्षेत्रीय कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया है। वहीं विश्वविजय सिंह को 14 अगस्त और रंजीत कुमार सिंह को 17 अगस्त को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। शब्बीर आलम और महेंद्र सिंह को भी अगले सप्ताह एजेंसी के समक्ष पेश होने को कहा गया है।
28 जुलाई को हुई थी बड़ी छापेमारी
गौरतलब है कि ईडी ने 28 जुलाई को धनबाद और आसपास के क्षेत्रों में कोयला कारोबारियों से जुड़े कई ठिकानों पर दूसरे चरण की छापेमारी की थी। इस कार्रवाई के दायरे में एलबी सिंह और अनिल गोयल से जुड़े प्रतिष्ठान और सहयोगी शामिल थे। छापेमारी के दौरान एजेंसी ने एलबी सिंह से जुड़े करीब 160 करोड़ रुपये के निवेश को फ्रीज किया था। इसके अलावा विभिन्न ठिकानों से 200 से अधिक सेल डीड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए गए थे, जिनकी जांच अभी जारी है।

वित्तीय लेनदेन और निवेश की होगी पड़ताल
ईडी सूत्रों के अनुसार, बरामद दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड के आधार पर एजेंसी कथित निवेश, संपत्ति खरीद-बिक्री और आर्थिक लेनदेन की जांच कर रही है। समन जारी किए गए लोगों से कोयला कारोबार से जुड़े वित्तीय पहलुओं, निवेश के स्रोत और अन्य संबंधित मामलों पर पूछताछ की जा सकती है। एजेंसी अब सेल डीड, निवेश दस्तावेजों और लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड का मिलान कर मामले की गहराई से जांच कर रही है। माना जा रहा है कि पूछताछ के बाद जांच में और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें : झारखंड सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा: 451 अभ्यर्थियों के लिए 20-21 अगस्त को मेडिकल टेस्ट
जांच पर बनी हुई है नजर
कोयला कारोबार से जुड़े इस चर्चित मामले में ईडी की कार्रवाई पर राजनीतिक और कारोबारी हलकों की नजर बनी हुई है। फिलहाल सभी संबंधित व्यक्तियों को निर्धारित तिथियों पर ईडी कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं और जांच आगे बढ़ रही है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

