गिरिडीह में 15 अगस्त को ग्राम सभा में पढ़ी जाएगी ड्राफ्ट मतदाता सूची, नाम जांचने की अपील

Meenu | August 13, 2026 | 02:55 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR)-2026 के तहत 15 अगस्त को गिरिडीह जिले में विशेष ग्राम सभा और सभा का आयोजन किया जाएगा। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने अधिकारियों को कार्यक्रम को व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने का निर्देश दिया है। इस दौरान मतदाताओं को ड्राफ्ट सूची में अपना नाम और अन्य विवरण जांचने का अवसर मिलेगा। प्रशासन ने पात्र नागरिकों से सभा में शामिल होने की अपील की है।

यह भी पढ़ें : JPSC-JSSC आंदोलन का 20वां दिन: 15 अगस्त को तिरंगा यात्रा निकालेंगे अभ्यर्थी

गांव में पंचायत भवन, शहर में मतदान केंद्र पर होगी सभा

ग्रामीण क्षेत्रों में संबंधित मतदान केंद्रों से जुड़े पंचायत भवनों में ग्राम सभा आयोजित की जाएगी। वहीं, शहरी क्षेत्रों में संबंधित मतदान केंद्रों पर विशेष सभा होगी। कार्यक्रम में संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) और चुनाव पाठशाला के सदस्य भी मौजूद रहेंगे। सभा के दौरान ड्राफ्ट मतदाता सूची में दर्ज मतदाताओं के नाम पढ़कर सुनाए जाएंगे।

छूटे पात्र नागरिकों को नाम जुड़वाने का मौका

सभा के दौरान ऐसे पात्र नागरिकों की पहचान भी की जाएगी, जिनका नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका है। प्रशासन के अनुसार, 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए प्रपत्र-6 के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। वहीं, मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य विवरण में किसी तरह की गलती होने पर प्रपत्र-8 के जरिए सुधार के लिए आवेदन किया जा सकेगा।

अपात्र नामों की भी होगी पहचान

विशेष सभा के दौरान मतदाता सूची में शामिल ऐसे व्यक्तियों की पहचान की जाएगी, जो पात्रता मानदंड पूरा नहीं करते हैं। इसके अलावा SIR-2026 से संबंधित आवश्यक जानकारी भी नागरिकों को दी जाएगी। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने का निर्देश दिया है।

मतदाताओं से सभा में शामिल होने की अपील

उपायुक्त रामनिवास यादव ने सभी पात्र नागरिकों से 15 अगस्त को आयोजित ग्राम सभा और विशेष सभा में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सही और अद्यतन मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों और BLO को सभा की कार्यवाही का उचित अभिलेखीकरण कराने और फोटोग्राफी सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया है।

Share this news

संबंधित खबरें