Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र में गश्ती के दौरान एक टाइगर मोबाइल जवान पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में जवान सुजीत कुमार घायल हो गए हैं, जबकि उनके साथी जवान चुन्नू राम सोरेन को भी चोटें आई हैं। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पूछताछ के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, टाइगर मोबाइल के जवान सुजीत कुमार और चुन्नू राम सोरेन नियमित गश्ती के दौरान हुडको स्थित एक खाली क्वार्टर (नंबर-152) के पास पहुंचे थे। वहां एक युवक बैठा हुआ था, जिससे पुलिसकर्मियों ने पूछताछ शुरू की। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि युवक ने जवानों के साथ मारपीट की और बाद में पत्थर से हमला कर दिया। इस हमले में सुजीत कुमार के सिर में चोट लग गई। वहीं, चुन्नू राम सोरेन को भी चोटें आईं और उन्हें दांत से काटे जाने की बात सामने आई है। आरोपी को पुलिस ने लिया हिरासत में घटना के बाद पुलिस ने आरोपी युवक आदित्य करवा को हिरासत में लेकर टेल्को थाना पहुंचाया। उससे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

यह भी पढ़ें : JPSC परीक्षा अनियमितता केस: पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते ने CID कोर्ट से मांगी जमानत
मौके पर अन्य लोग भी थे मौजूद
प्रारंभिक जांच में यह भी जानकारी मिली है कि घटना के समय वहां एक अन्य युवक और एक युवती भी मौजूद थे। पुलिस उनसे जुड़े तथ्यों की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

