Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मंगलवार देर रात रांची सदर अस्पताल का औचक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती आंदोलनकारी देवेंद्र नाथ महतो से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और चिकित्सकों से उपचार की स्थिति पर चर्चा की। अनशन के दौरान तबीयत बिगड़ने के बाद देवेंद्र नाथ महतो को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल पहुंचकर स्वास्थ्य मंत्री ने उनकी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में जानकारी ली। डॉक्टरों ने मंत्री को बताया कि मरीज की निगरानी के लिए मेडिकल बोर्ड गठित किया गया है और उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है।
वार्डों का किया निरीक्षण
देवेंद्र नाथ महतो से मुलाकात के बाद मंत्री ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का दौरा किया। उन्होंने भर्ती मरीजों से सीधे संवाद कर इलाज, दवाओं और अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। मरीजों से बातचीत के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर फीडबैक भी लिया। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने मरीजों और उनके परिजनों से पूछा कि इलाज के दौरान उन्हें किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही है। कई मरीजों ने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं और उपचार व्यवस्था के संबंध में अपनी बातें साझा कीं।

स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा
स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल में दवा वितरण, जांच सुविधाओं और उपचार व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
यह भी पढ़ें : BJP विधायक राज सिन्हा ने रांची जिला प्रशासन के खिलाफ दिया विशेषाधिकार हनन नोटिस
कर्मचारियों को दिए निर्देश
डॉ. इरफान अंसारी ने अस्पताल कर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील और सहयोगात्मक रवैया अपनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले किसी भी व्यक्ति को इलाज के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना चाहिए और लापरवाही की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

