Samachar Post रिपोर्टर, रांची : विधानसभा घेराव के लिए निकले छात्रों का बड़ा हुजूम सोमवार को जगन्नाथपुर मंदिर के पास पहुंच गया। हजारों की संख्या में प्रदर्शन कर रहे छात्र अब मंदिर के पास लगाई गई बैरिकेडिंग को पार कर विधानसभा की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं। स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।
यह भी पढ़ें : JPSC-JSSC परीक्षा के विरोध में छात्रों का हंगामा, पहली बैरिकेडिंग तोड़ी; पुलिस से तीखी झड़प
बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश, पुलिस ने छात्रों को रोका
जगन्नाथपुर मंदिर के पास प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस की ओर से बैरिकेडिंग की गई है। कुछ छात्रों ने बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोक दिया। पुलिस और प्रशासन की ओर से लगातार छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने की अपील की जा रही है। अधिकारियों की कोशिश है कि प्रदर्शन के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

पांच ड्रोन कैमरों से रखी जा रही नजर
प्रदर्शनकारियों की बड़ी संख्या को देखते हुए प्रशासन ने निगरानी भी बढ़ा दी है। छात्रों के आंदोलन पर पांच ड्रोन कैमरों के जरिए लगातार नजर रखी जा रही है। ड्रोन के माध्यम से प्रदर्शनकारियों की गतिविधियों और भीड़ की स्थिति पर नजर रखी जा रही है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था को जरूरत के अनुसार नियंत्रित किया जा सके।
विधानसभा की ओर बढ़ने की कोशिश
विधानसभा घेराव के लिए जुटे छात्र अपनी मांगों को लेकर आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं। इससे पहले भी प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच बैरिकेडिंग को लेकर तनाव की स्थिति बनी थी। फिलहाल जगन्नाथपुर मंदिर के आसपास पुलिस बल की तैनाती जारी है और प्रशासन छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने की अपील कर रहा है।

Reporter | Samachar Post

