रांची में आज जेल चौक से बापू वाटिका तक गाड़ियों की एंट्री बंद, इन रास्तों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

Meenu | August 9, 2026 | 10:47 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची में रविवार को यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। झारखंड आदिवासी महोत्सव को लेकर जेल चौक से बापू वाटिका तक वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने कई रूट पर डायवर्जन के साथ अलग-अलग पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की है। अगर आप आज रांची में घर से निकल रहे हैं, तो इन ट्रैफिक बदलावों और पार्किंग की जानकारी जरूर जान लें।

यह भी पढ़ें : झारखंड में 10 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट, 17 जिलों में वज्रपात की चेतावनी

जेल चौक से बापू वाटिका तक वाहनों की एंट्री बंद

ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह की ओर से जारी आदेश के अनुसार, जेल चौक से करमटोली चौक, करमटोली चौक से एसएसपी आवास और एसएसपी आवास से बापू वाटिका तक वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। कार्यक्रम के दौरान भीड़ बढ़ने की स्थिति में प्रशासन जरूरत के अनुसार दूसरे मार्गों पर भी ट्रैफिक डायवर्ट कर सकता है या कुछ रास्तों को अस्थायी रूप से बंद किया जा सकता है।

बोड़या रोड से आने वालों के लिए यहां होगी पार्किंग

बोड़या रोड की ओर से आने वाले वाहनों के लिए टीआरआई मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं टाटीसिलवे, खेलगांव, बूटी मोड़, रिम्स और बरियातू की दिशा से आने वाले वाहनों को डीआईजी मैदान में पार्क कराया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य मुख्य मार्गों पर वाहनों का दबाव कम करना और महोत्सव स्थल के आसपास यातायात को व्यवस्थित रखना है। खूंटी, जमशेदपुर, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, रातू, कांके और पिठोरिया की ओर से रांची आने वाले वाहनों के लिए भी रूट निर्धारित किया गया है। इन वाहनों को कांके रिंग रोड, चांदनी चौक और राम मंदिर मार्ग से होते हुए निर्धारित पार्किंग स्थलों तक पहुंचाया जाएगा।

शहर के इन इलाकों से आने वालों के लिए अलग रूट

धुर्वा, हिनू, डोरंडा, मेन रोड, रेडियम चौक, लालपुर, कांटाटोली, हरमू और अरगोड़ा की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भी अलग मार्ग तय किया गया है। इन वाहनों को न्यू मार्केट चौक, हॉटलिप्स चौक, राम मंदिर चौक, एसएसपी आवास चौक, रणधीर वर्मा चौक, एटीआई मोड़ और सिदो-कान्हू पार्क होते हुए रांची यूनिवर्सिटी मैदान स्थित मोरहाबादी पार्किंग स्थल में पार्क कराया जाएगा।

महोत्सव के दौरान सुरक्षा और ट्रैफिक पर खास नजर

झारखंड आदिवासी महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है। पार्किंग, ट्रैफिक डायवर्जन और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम तैनात रहेगी। लोगों से अपील की गई है कि वे निर्धारित रूट और पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें।

Share this news

संबंधित खबरें