Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में 10 अगस्त तक बारिश और वज्रपात की स्थिति बनी रह सकती है। मौसम विभाग ने अलग-अलग दिनों के लिए कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही बारिश के कारण कई शहरों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
झारखंड में 10 अगस्त तक बारिश का दौर
मौसम विभाग के मुताबिक, मॉनसून के प्रभाव से झारखंड के अधिकांश हिस्सों में 10 अगस्त तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। शनिवार को पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में सबसे अधिक 27 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा रामगढ़ में 13 मिमी, बोकारो में 7 मिमी तथा रांची और जमशेदपुर में 6-6 मिमी बारिश दर्ज की गई। मेदिनीनगर में 2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई। बारिश के कारण रांची के अधिकतम तापमान में 2.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई और तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रहा। रविवार को भी राजधानी रांची में एक-दो दौर की हल्की बारिश और दिनभर बादल छाए रहने का अनुमान है।
9, 10 अगस्त को इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 9 अगस्त को झारखंड के रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, कोडरमा, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, दुमका और जामताड़ा में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन जिलों में रहने वाले लोगों को बारिश के दौरान सतर्क रहने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है। 10 अगस्त को राज्य के कई दक्षिणी और पश्चिमी जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इनमें खूंटी, पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं। वहीं, झारखंड के अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

वज्रपात को लेकर भी मौसम विभाग की चेतावनी
बारिश के साथ झारखंड के कई हिस्सों में वज्रपात का खतरा भी बना हुआ है। शनिवार को लातेहार जिले के गारू थाना क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से सामाजिक कार्यकर्ता मनमोहन सिंह (57) की मौत हो गई। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, खेत या अन्य खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है। साथ ही पेड़ों के नीचे खड़े होने से भी बचने की सलाह दी गई है।
झारखंड में अब भी सामान्य से 21 फीसदी कम बारिश
मॉनसून सक्रिय होने के बावजूद झारखंड में इस सीजन अब तक बारिश सामान्य से कम रही है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से 8 अगस्त तक राज्य में सामान्य से 21 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। हालांकि, पश्चिमी सिंहभूम में स्थिति अलग है। यहां इस अवधि में सामान्य से 21 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। राजधानी रांची में भी अब तक सामान्य से 8 प्रतिशत कम बारिश हुई है।

Reporter | Samachar Post

