Samachar Post रिपोर्टर,देवघर : राजकीय श्रावणी मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार को विशेष जांच अभियान चलाया। इस अभियान में 42.5 किलोग्राम संदिग्ध पेड़ा नष्ट कराया गया, जबकि खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों के उल्लंघन पर तीन प्रतिष्ठानों पर मौके पर ही जुर्माना लगाया गया। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी सह अभिहित अधिकारी की निगरानी में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों ने मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब (MFTL) की सहायता से पेड़ा दुकानों, होटलों और भोजनालयों में खाद्य पदार्थों की जांच की।
यह भी पढ़ें : झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र आज से, JPSC-JSSC समेत कई मुद्दों पर सरकार-विपक्ष आमने-सामने
45 नमूनों की जांच, तीन संदिग्ध मिले
विशेष अभियान के दौरान गंगा साह पेड़ा भंडार, गणेश पेड़ा भंडार, बैद्यनाथ पेड़ा भंडार, अन्नपूर्णा पेड़ा भंडार, महावीर पेड़ा भंडार, श्री गंगा साह पेड़ा भंडार, बाबा पेड़ा भंडार, मां अन्नपूर्णा भोजनालय, अजय भोजनालय और शिव होटल एंड रेस्टोरेंट समेत कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान पेड़ा के कुल 45 नमूनों की जांच की गई। इनमें 42 नमूने मानकों के अनुरूप पाए गए, जबकि तीन नमूने संदिग्ध मिले। इसके बाद विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 42.5 किलोग्राम संदिग्ध पेड़ा नष्ट करा दिया।

तीन प्रतिष्ठानों पर लगा जुर्माना
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों के उल्लंघन पर निम्नलिखित प्रतिष्ठानों पर 2-2 हजार रुपये का ऑन-द-स्पॉट जुर्माना लगाया गया गंगा साह पेड़ा भंडार, श्री गंगा साह पेड़ा भंडार, शिव होटल एंड रेस्टोरेंट विभाग ने सभी कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 का पालन करने और केवल मानक अनुरूप खाद्य सामग्री बेचने के निर्देश दिए हैं।
हर खेप की होगी जांच
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी पेड़ा विक्रेताओं को निर्देश दिया है कि खोवा, पेड़ा और पनीर की प्रत्येक खेप की आयोडीन टिंचर से जांच करें। यदि किसी उत्पाद में स्टार्च या अन्य प्रकार की मिलावट की आशंका हो तो उसकी बिक्री न की जाए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में किसी भी प्रतिष्ठान में मिलावट या खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर लाइसेंस रद्द करने सहित खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मेला समाप्त होने तक जारी रहेगा अभियान
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, श्रावणी मेला-2026 की पूरी अवधि के दौरान बाबा बैद्यनाथ मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में खाद्य पदार्थों की नियमित जांच जारी रहेगी, ताकि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।

Reporter | Samachar Post

