मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

मांगों को लेकर सचिवालय सेवा संघ का विरोध प्रदर्शन, मानव श्रृंखला बनाकर सरकार का ध्यान खींचने की कोशिश

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : अपनी लंबित मांगों को लेकर झारखंड सचिवालय सेवा संघ ने बुधवार को राजधानी रांची में विरोध प्रदर्शन किया। संघ के सदस्यों ने प्रोजेक्ट भवन और नेपाल हाउस मंत्रालय परिसर में मानव श्रृंखला बनाकर सरकार के समक्ष अपनी मांगों को मजबूती से रखा। संघ का कहना है कि विभिन्न मांगों को लेकर लंबे समय से सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है।

विधानसभा सत्र के दौरान काला बिल्ला लगाकर करेंगे काम

झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत से पहले सचिवालय सेवा संघ ने आंदोलन को आगे बढ़ाने की घोषणा की है। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि गुरुवार से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र के दौरान कर्मचारी काला बिल्ला लगाकर अपने कार्यों का निष्पादन करेंगे। संघ का उद्देश्य शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों के प्रति सरकार और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित करना है।

पद सृजन और समय पर प्रोन्नति की मांग

सचिवालय सेवा संघ की प्रमुख मांगों में उप सचिव और संयुक्त सचिव के 65 प्रस्तावित पदों का सृजन शामिल है। इसके अलावा संघ कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग द्वारा जारी संकल्प संख्या-3286 के तहत कर्मचारियों को समय पर प्रोन्नति देने की मांग कर रहा है। संघ का कहना है कि पदोन्नति और कैडर संबंधी लंबित मामलों के कारण कर्मचारियों के करियर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

पहले भी कर चुका है आंदोलन

संघ इससे पहले भी अपनी मांगों को लेकर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से आवाज उठा चुका है। 4 अगस्त को गुरुजी शिबू सोरेन की पुण्यतिथि के अवसर पर कर्मचारियों ने स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित कर अपनी भावनाओं और मांगों को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया था। हालांकि, संघ के अनुसार अब तक उनकी मांगों पर कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया है।

यह भी पढ़ें : गढ़वा के जंगलों में वन्यजीवों की गणना जारी, बाघ, तेंदुआ, भालू और हाथियों की संख्या का होगा वैज्ञानिक आकलन

गांधीवादी तरीके से जारी रहेगा आंदोलन

संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ रही है, लेकिन फिलहाल संगठन ने लोकतांत्रिक और गांधीवादी तरीके से आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करेगी और जल्द ही सकारात्मक पहल कर कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान करेगी।

Rupa Kumari

Reporter | Samachar Postमैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।See Profile

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment