सोशल मीडिया पर करोड़ों की कमाई का झांसा, आदित्यपुर पुलिस ने 40 से अधिक लोगों को साइबर ठगी से बचाया

Rupa Kumari | August 5, 2026 | 01:56 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, सरायकेला-खरसावां : सोशल मीडिया के माध्यम से करोड़ों रुपये की कमाई और भारी कमीशन का लालच देकर लोगों को जाल में फंसाने की कोशिश कर रहे एक संदिग्ध साइबर गिरोह की साजिश को आदित्यपुर पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से करीब 40 से 45 लोगों को संभावित साइबर ठगी का शिकार होने से बचा लिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह गिरोह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों से संपर्क कर उन्हें बड़े वित्तीय लेनदेन में शामिल करने का झांसा देता था और बदले में मोटे कमीशन का वादा करता था।

10 प्रतिशत कमीशन का दिया जाता था लालच

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गिरोह लोगों को करोड़ों रुपये के ट्रांजैक्शन में भागीदार बनाने और इसके बदले करीब 10 प्रतिशत कमीशन देने का दावा करता था। भरोसा जीतने के लिए लोगों को होटल में ठहराने और पूरे मामले को गोपनीय रखने का दबाव भी बनाया जाता था।पुलिस को आशंका है कि यह गतिविधियां किसी बड़े साइबर फ्रॉड या अवैध वित्तीय लेनदेन से जुड़ी हो सकती थीं।

बैंक खातों की जानकारी जुटाने की कोशिश

जांच में यह भी सामने आया कि संदिग्ध लोग पीड़ितों से उनके बैंक खातों और डिजिटल लेनदेन से जुड़ी जानकारी हासिल करने का प्रयास कर रहे थे। साथ ही मोबाइल फोन पर भेजे गए लिंक और ऑनलाइन गतिविधियों से संबंधित रिकॉर्ड हटाने के लिए भी कहा जा रहा था। इन्हीं संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पुलिस को पूरे मामले पर संदेह हुआ और तत्काल कार्रवाई शुरू की गई।

एसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आदित्यपुर थाना पुलिस सक्रिय हुई। थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हस्तक्षेप कर उन लोगों तक पहुंच बनाई जो कथित तौर पर गिरोह के संपर्क में थे। समय रहते की गई कार्रवाई के कारण संभावित साइबर अपराध को अंजाम तक पहुंचने से पहले ही रोक दिया गया। पुलिस की कार्रवाई के बाद बचाए गए लोगों ने आदित्यपुर थाना पुलिस और पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। लोगों ने कहा कि यदि समय पर हस्तक्षेप नहीं होता तो वे आर्थिक नुकसान का शिकार हो सकते थे।

यह भी पढ़ें : पलामू में श्रावणी डिज़्नीलैंड मेला शुरू, शिवाजी मैदान में उमड़ी लोगों की भीड़

पुलिस ने जारी की साइबर सुरक्षा सलाह

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर तेजी से अमीर बनने, भारी कमीशन कमाने या कम समय में बड़ी रकम हासिल करने के दावों पर भरोसा न करें। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ बैंक खाता विवरण, एटीएम कार्ड की जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड, यूपीआई पिन या मोबाइल पर प्राप्त संदिग्ध लिंक साझा नहीं करना चाहिए। पुलिस के अनुसार, आसान कमाई का लालच साइबर अपराधियों का सबसे प्रभावी हथियार है। ऐसे किसी भी संदिग्ध प्रस्ताव या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर आर्थिक नुकसान और बड़े साइबर अपराधों को रोका जा सके।

Share this news

संबंधित खबरें