पलामू में फूड पॉइजनिंग की आशंका, मुखिया समेत परिवार के 15 सदस्य बीमार, अस्पताल में भर्ती

Rupa Kumari | July 27, 2026 | 12:14 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, पलामू : पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र स्थित पथरा पंचायत के पथरा गांव में रविवार को एक ही परिवार के 15 लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। बीमार पड़ने वालों में पंचायत के मुखिया नरेश पासवान भी शामिल हैं। सभी को पेट दर्द, उल्टी और बेचैनी की शिकायत के बाद हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

भोजन के बाद बिगड़ी तबीयत

परिजनों के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 12 बजे परिवार के सभी सदस्यों ने घर में बना चावल और सब्जी खाई थी। भोजन करने के कुछ ही देर बाद एक-एक कर लोगों को पेट दर्द, उल्टी और घबराहट की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते परिवार के कई सदस्य बीमार पड़ गए, जिससे घर में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से सभी को तत्काल हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है।

सूचना मिलने पर लौटे मुखिया, फिर उनकी भी बिगड़ी तबीयत

घटना के समय पथरा पंचायत के मुखिया नरेश पासवान किसी काम से प्रखंड कार्यालय गए हुए थे। परिजनों से सूचना मिलने के बाद वह तुरंत घर पहुंचे। बताया जा रहा है कि घर लौटने के कुछ समय बाद उनकी भी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।प्राथमिक जांच के आधार पर चिकित्सक फूड पॉइजनिंग की आशंका जता रहे हैं। हालांकि, बीमारी के वास्तविक कारणों का पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। स्वास्थ्य विभाग की टीम मामले पर नजर बनाए हुए है और भोजन के नमूनों की जांच की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकती है।

यह भी पढ़ें : कोडरमा में हाथियों का आतंक: किसान की पटक-पटक कर हत्या, ग्रामीणों का वन विभाग के खिलाफ हंगामा

सभी मरीजों की हालत स्थिर

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, इलाजरत सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं। घटना के बाद गांव में चिंता का माहौल है और लोग जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि लोगों की तबीयत भोजन में किसी गड़बड़ी के कारण बिगड़ी या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। फिलहाल सभी प्रभावित लोगों का उपचार जारी है।

Share this news

संबंधित खबरें