Samachar Post रिपोर्टर,कोडरमा : झारखंड के कोडरमा जिले में रांची-पटना मुख्य मार्ग पर सोमवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सदर थाना क्षेत्र के कोडरमा घाटी स्थित मेघातरी में सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से गिट्टी लदे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गिट्टी लदे ट्रक के चालक और उपचालक की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, रात करीब 10 बजे गिट्टी से लदा ट्रक रांची-पटना मुख्य मार्ग से गुजर रहा था। मेघातरी के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गिट्टी लदे ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
यह भी पढ़ें : चक्रधरपुर में 25 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस जांच में जुटी
बिहार के नवादा के रहने वाले थे दोनों मृतक
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 24 वर्षीय छोटू कुमार और 43 वर्षीय साधु यादव के रूप में हुई है। दोनों बिहार के नवादा जिले के निवासी थे और गिट्टी लदे ट्रक में चालक एवं उपचालक के तौर पर सफर कर रहे थे।
केबिन में फंस गए थे दोनों, स्थानीय लोगों ने निकाला बाहर
घटनास्थल के पास होटल संचालक अमरदीप गिरी ने बताया कि तेज धमाके की आवाज सुनकर लोग बाहर पहुंचे। हादसे के बाद चालक और उपचालक ट्रक के क्षतिग्रस्त केबिन में फंस गए थे। सूचना मिलने पर कोडरमा थाना की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को केबिन से बाहर निकाला गया।

ब्रेक फेल होने की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
स्थानीय लोगों का अनुमान है कि ट्रक का ब्रेक फेल होने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, पुलिस ने अभी दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं की है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, कोडरमा भेज दिया गया है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और मामले की जांच जारी है।

Reporter | Samachar Post

