Samachar Post रिपोर्टर,पलामू : झारखंड के पलामू जिले में अपहरण के बाद युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पाटन थाना क्षेत्र के सहदेवा गांव निवासी प्रभात कुमार मेहता का शव रविवार शाम पांडेपुरा स्थित एक अर्धनिर्मित मकान से बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में शव को तेजाब जैसी किसी चीज से जलाकर पहचान मिटाने की कोशिश किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, प्रभात कुमार मेहता 24 जुलाई से लापता था। परिजनों ने उसके अपहरण की आशंका जताते हुए पाटन थाना में मामला दर्ज कराया था। पुलिस युवक की तलाश में जुटी हुई थी और विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही थी।
यह भी पढ़ें : पलामू में सनसनी: JMP परिसर में गार्ड की गोली मारकर हत्या, स्कूटी सवार तीन बदमाश फरार
दोस्त के साथ गया था, फिर नहीं लौटा
परिजनों के मुताबिक प्रभात अपने एक करीबी दोस्त के साथ लेस्लीगंज इलाके में गया था, लेकिन इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। तलाश के दौरान ग्रामीणों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने पांडेपुरा स्थित एक अर्धनिर्मित मकान से उसका शव बरामद किया। शव की पहचान प्रभात कुमार मेहता के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपियों ने शव पर तेजाब जैसी किसी रासायनिक पदार्थ का इस्तेमाल कर उसकी पहचान मिटाने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस ने अभी फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने तक इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

करीबी दोस्त पर हत्या का आरोप
सदर एसडीपीओ राजेश यादव ने युवक की हत्या की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। वहीं पाटन थाना प्रभारी अनिल विद्यार्थी ने बताया कि मृतक के एक करीबी दोस्त पर हत्या का आरोप है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है।

Reporter | Samachar Post

