पलामू में सनसनी: JMP परिसर में गार्ड की गोली मारकर हत्या, स्कूटी सवार तीन बदमाश फरार

Meenu | July 27, 2026 | 10:41 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,पलामू : झारखंड के पलामू जिले में रविवार देर रात एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई। मेदिनीनगर के बाईपास रोड स्थित JMP परिसर में तैनात गार्ड विनोद सहाय की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 11 बजे स्कूटी पर सवार तीन युवक JMP परिसर पहुंचे। उन्होंने गार्ड विनोद सहाय को किसी बहाने से गेट तक बुलाया और फिर बेहद करीब से गोली मार दी। गोली लगने के बाद गार्ड की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी स्कूटी से फरार हो गए।

यह भी पढ़ें : 29% कम बारिश के बीच दो दिन भारी बारिश का अलर्ट, 5 जिलों में तेज बारिश और 40 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

जन्मदिन पार्टी के विवाद से जुड़ रही कड़ियां

पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह हत्याकांड 15 जुलाई को हुई एक जन्मदिन पार्टी में हुए विवाद की रंजिश का नतीजा हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने अभी इस एंगल की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। साथ ही स्कूटी सवार तीनों बदमाशों की तलाश के लिए छापेमारी भी जारी है। फिलहाल पुलिस ने हत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।

Share this news

संबंधित खबरें