कोडरमा में दर्दनाक हादसा: खेत में ट्रैक्टर पलटने से युवक की मौत

Samachar Post रिपोर्टर, कोडरमा : कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। खेत की जुताई के दौरान ट्रैक्टर पलट जाने से युवक उसके नीचे दब गया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

खेत की जुताई के दौरान हुआ हादसा

घटना डोमचांच थाना क्षेत्र के पारडीह बगड़ो गांव की है। मृतक की पहचान सुधीर यादव (25) के रूप में हुई है, जो राजू यादव का पुत्र और पारडीह गांव का निवासी था। परिजनों के अनुसार, सुधीर शनिवार दोपहर अपने खेत में ट्रैक्टर से जुताई कर रहा था। इसी दौरान खेत में अधिक कीचड़ होने के कारण ट्रैक्टर फंस गया। ट्रैक्टर को निकालने के प्रयास में अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। हादसे में सुधीर ट्रैक्टर के इंजन के नीचे दब गया।

किसानों ने बचाने का किया प्रयास

घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य किसानों ने शोर सुनकर तुरंत दौड़ लगाई। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद सुधीर को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। सुधीर यादव की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि सुधीर विवाहित था और उसका एक छोटा बेटा भी है। परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य की असमय मौत से घर पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

यह भी पढ़ें : यह डर के खिलाफ जनशक्ति की जीत है- सोनम वांगचुक

गांव में शोक का माहौल

हादसे के बाद पूरे पारडीह बगड़ो गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दिलाने की मांग की है। वहीं, पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। यह हादसा एक बार फिर कृषि कार्यों के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और खेतों में सुरक्षा उपायों की आवश्यकता को रेखांकित करता है।

संबंधित खबरें