JPSC जांच का दायरा बढ़ा: पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते की विदेश यात्राओं की होगी जांच, CID ने TDPL से मांगा खर्च का ब्योरा

Meenu | July 24, 2026 | 10:40 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) से जुड़ी कथित अनियमितताओं की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। अब जांच एजेंसी ने आयोग के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते की विदेश यात्राओं से जुड़े खर्च और वित्तीय प्रक्रियाओं की भी जांच शुरू कर दी है। इस सिलसिले में CID ने TDPL से विदेश दौरों पर हुए खर्च का पूरा विवरण मांगा है।

यह भी पढ़ें : हजारीबाग में पुलिस-राहुल दुबे गैंग के बीच मुठभेड़, दो आरोपी गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

विदेश यात्राओं के खर्च और भुगतान प्रक्रिया की होगी जांच

जांच एजेंसी यह पता लगा रही है कि पूर्व अध्यक्ष की विदेश यात्राओं पर हुआ खर्च किस मद से किया गया, भुगतान की प्रक्रिया क्या थी और क्या इन यात्राओं में सभी वित्तीय एवं प्रशासनिक नियमों का पालन किया गया था। सूत्रों के अनुसार, अध्यक्ष बनने के बाद एल. खियांग्ते ने तीन बार अमेरिका का दौरा किया था। अब इन सभी यात्राओं से जुड़े खर्च, स्वीकृतियों और भुगतान संबंधी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, जांच केवल विदेश यात्राओं तक सीमित नहीं है। आयोग में हुई नियुक्तियों, प्रशासनिक निर्णयों, वित्तीय लेन-देन, पदस्थापन और स्थानांतरण से जुड़े मामलों की भी समानांतर जांच चल रही है। CID यह भी जांच कर रही है कि आयोग में लिए गए विभिन्न प्रशासनिक फैसले निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं के अनुरूप थे या नहीं।

वित्तीय रिकॉर्ड खंगाल रही जांच एजेंसी

जांच एजेंसी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से जुड़े दस्तावेज भी जुटा रही है। आयोग के वित्तीय और प्रशासनिक रिकॉर्ड की गहन पड़ताल की जा रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की क्रमबद्ध तस्वीर सामने आ सके। इसके साथ ही, इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों की रिमांड लेने की भी तैयारी की जा रही है। एजेंसी को उम्मीद है कि पूछताछ से कथित अनियमितताओं और निर्णय प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।

जांच जारी, अभी कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं

अधिकारियों का कहना है कि विदेश यात्राओं या अन्य आरोपों को लेकर अभी तक कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। सभी पहलुओं की तथ्यात्मक जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें