राजस्थान में झारखंड के युवक की हत्या, शव पलंग के बॉक्स में मिला; आरोपी की तलाश में पुलिस

Rupa Kumari | July 23, 2026 | 01:07 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, लातेहार : राजस्थान के उदयपुर जिले में झारखंड के एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। लातेहार जिले के रहने वाले 23 वर्षीय अजय कुमार की कथित रूप से चाकू मारकर हत्या कर दी गई और शव को कमरे में रखे पलंग के बॉक्स में छिपा दिया गया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। मृतक अजय कुमार लातेहार सदर थाना क्षेत्र के बहेराटांड़ गांव का निवासी था और रोजगार के सिलसिले में राजस्थान गया हुआ था।

तीन महीने पहले काम करने गया था राजस्थान

परिजनों के अनुसार, अजय करीब तीन महीने पहले उदयपुर स्थित एक सरिया फैक्ट्री में काम करने के लिए राजस्थान गया था। उसे यह नौकरी पतरातू निवासी एक परिचित के माध्यम से मिली थी। फैक्ट्री में उसके साथ पलामू जिले के पांकी निवासी राहुल शर्मा भी कार्यरत था। दोनों अलग-अलग कमरों में रहते थे, लेकिन एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते थे और अक्सर साथ समय बिताते थे।

खाने के दौरान विवाद, हत्या का आरोप

पुलिस को मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना वाली रात दोनों ने साथ बैठकर भोजन किया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर राहुल शर्मा ने अजय पर चाकू से हमला कर दिया। गले पर कई वार किए जाने से अजय की मौके पर ही मौत हो गई।

शव को पलंग के बॉक्स में छिपाने का आरोप

हत्या के बाद आरोपी ने कथित तौर पर शव को कमरे में रखे पलंग के बॉक्स में छिपा दिया और वहां से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि जाते समय उसने अन्य मजदूरों को कमरे में नहीं जाने की बात भी कही, जिससे घटना का खुलासा देर से हो सका। बाद में जब साथी मजदूरों को संदेह हुआ तो उन्होंने कमरे की जांच की। पलंग का बॉक्स खोलने पर अजय का शव मिला, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

कमरे से मिले खून के निशान और चाकू

सूचना मिलने पर भोपालपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने कमरे से खून के निशान और हत्या में प्रयुक्त होने का संदेह वाला चाकू बरामद किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी राहुल शर्मा की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

अजय की मौत की खबर मिलते ही लातेहार के बहेराटांड़ गांव में शोक का माहौल है। परिजनों ने प्रशासन से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिवार के अनुसार, अजय के पिता का निधन करीब आठ वर्ष पहले हो चुका था। इसके बाद परिवार की जिम्मेदारी अजय पर ही आ गई थी। वह मजदूरी कर अपनी मां और दो छोटे भाइयों का भरण-पोषण करता था।

यह भी पढ़ें : धनबाद में ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात व्यक्ति की मौत, कुछ देर के लिए रुकी राजधानी एक्सप्रेस

शादी की तैयारी से पहले आई दुखद खबर

परिजनों ने बताया कि अजय के घर लौटने के बाद उसकी शादी की बातचीत भी चल रही थी। परिवार भविष्य की योजनाएं बना रहा था, लेकिन उससे पहले ही यह दुखद घटना हो गई। गांव के लोगों का कहना है कि अजय मेहनती और जिम्मेदार युवक था। उसकी मौत से न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव में शोक की लहर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Share this news

संबंधित खबरें