Samachar Post रिपोर्टर,लातेहार : झारखंड के लातेहार जिले में बुधवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। चंदवा थाना क्षेत्र के दामोदर गांव के पास बालूमाथ से चंदवा की ओर जा रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक घर में जा घुसी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो की रफ्तार काफी तेज थी। चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे सड़क किनारे बने घर में घुस गई। हादसे की चपेट में घर के बाहर मौजूद राखी देवी और स्कॉर्पियो चालक अरविंद कुमार आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
कई लोग गंभीर रूप से घायल
दुर्घटना में ललिता देवी, रेनू देवी, खुशबू, सूरज, बिटू समेत दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चंदवा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सभी गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही चंदवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चालक द्वारा वाहन का संतुलन खो देना हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Reporter | Samachar Post


