Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : शहर के विकास को नई गति देने की दिशा में सोमवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। नगर निगम कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार ने 17 करोड़ 39 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत 119 विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। कार्यक्रम में महापौर प्रमिला मेहरा, उप महापौर सुमित कुमार, उपायुक्त, नगर निगम के अधिकारी, वार्ड पार्षद और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि राज्य सरकार शहरी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने और नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के माध्यम से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जाएगा।
सड़क, नाली, पेयजल और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था में होगा सुधार
मंत्री ने बताया कि स्वीकृत योजनाओं के तहत सड़क निर्माण, नाली व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा। इन योजनाओं के पूरा होने से शहर के विभिन्न वार्डों में लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को गति मिलेगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित किया जाए।
गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा: सुदिव्य कुमार
विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर मंत्री ने सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा। मंत्री ने अधिकारियों को विशेष रूप से उन संवेदकों के कार्यों की निगरानी करने का निर्देश दिया जिन्होंने 27 प्रतिशत या उससे अधिक कम दर पर टेंडर प्राप्त किए हैं। उन्होंने कहा कि सभी योजनाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी होनी चाहिए।

तय समय सीमा में पूरा होगा काम
महापौर प्रमिला मेहरा और उप महापौर सुमित कुमार ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि नगर निगम बोर्ड के गठन के बाद विकास परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। अधिकारियों ने जानकारी दी कि सभी 119 योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है।
यह भी पढ़ें : 21 जुलाई की कैबिनेट बैठक पर नजर, वित्त मंत्री की सुरक्षा का मुद्दा बन सकता है चर्चा का विषय
स्थानीय लोगों ने जताई उम्मीद
शहरवासियों ने विकास योजनाओं का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इनके पूरा होने से सड़क, जल निकासी, पेयजल और अन्य बुनियादी समस्याओं का समाधान होगा तथा शहर के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

