Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड विधानसभा की महिला एवं बाल विकास समिति की बैठक में महिलाओं और बच्चों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक चर्चा की गई। बैठक में विधायक कल्पना सोरेन ने समिति के सदस्यों और अन्य विधायकों के साथ महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, सम्मान तथा बच्चों के समग्र विकास से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया।
महिला सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता
बैठक के बाद कल्पना सोरेन ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा करते हुए कहा कि महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को समाज में बराबरी का अवसर दिलाने और उन्हें सशक्त बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं पर प्रभावी ढंग से काम किया जा रहा है।
बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर
कल्पना सोरेन ने कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से सरकार विभिन्न कल्याणकारी कार्यक्रमों को मजबूती से लागू कर रही है, ताकि बच्चों को विकास के समान अवसर मिल सकें। बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। समिति ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति, चुनौतियों और उनके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत समीक्षा की।

प्रत्येक पात्र लाभुक तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
कल्पना सोरेन ने कहा कि समिति का उद्देश्य केवल नीतियां बनाना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि सरकारी योजनाएं धरातल पर प्रभावी रूप से लागू हों। उन्होंने विश्वास जताया कि समिति की सक्रिय भागीदारी और सरकार के प्रयासों से राज्य में महिला सशक्तिकरण और बाल विकास के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे।
यह भी पढ़ें : चतरा में सोनम वांगचुक के समर्थन में छात्रों का सत्याग्रह, शिक्षा व्यवस्था में सुधार की उठी मांग
सामाजिक विकास के लिए समन्वित प्रयास जरूरी
बैठक में इस बात पर भी बल दिया गया कि महिलाओं और बच्चों के विकास से जुड़े मुद्दों पर विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। समिति ने भविष्य में भी ऐसे मुद्दों पर नियमित समीक्षा और सुझाव देने की बात कही।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

