जमशेदपुर में दबंगई पड़ी भारी: वायरल वीडियो के बाद आरोपी गिरफ्तार, बाजार में माफी मांगने को किया गया मजबूर

Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : साकची बाजार में मारपीट और दबंगई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहम्मद फहीम को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को बाजार में ले जाकर दुकानदारों और स्थानीय लोगों के सामने माफी मंगवाई। इस कार्रवाई का वीडियो भी चर्चा का विषय बना हुआ है। शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक व्यक्ति बाजार के बीच एक युवक के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी मोहम्मद फहीम को हिरासत में ले लिया।

फल के दाम को लेकर शुरू हुआ था विवाद

जानकारी के अनुसार, साकची टीना शेड स्थित फल बाजार में फल के दाम को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपी और फल व्यापारी के कर्मचारी के बीच कहासुनी बढ़ गई, जिसके बाद मारपीट की घटना हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के दौरान कर्मचारी के साथ सार्वजनिक रूप से मारपीट की गई, जिससे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस कार्रवाई के बाद आरोपी को साकची बाजार ले जाया गया, जहां उसने दुकानदारों और आम लोगों के सामने हाथ जोड़कर अपनी गलती स्वीकार की और माफी मांगी। घटना के बाद आरोपी का बदला हुआ व्यवहार लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।

यह भी पढ़ें : दुमका में विवेकानंद राउत के आवास पर पुलिस-वन विभाग की संयुक्त छापेमारी, दो आरोपियों की तलाश तेज

कानून हाथ में लेने वालों को चेतावनी

पुलिस की इस कार्रवाई को कानून व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों पर हिंसा या दबंगई करने वालों के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून को अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। मारपीट में घायल कर्मचारी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

संबंधित खबरें