जामताड़ा में मनरेगा पशु शेड योजना में लाखों की गड़बड़ी का आरोप, बिना निर्माण राशि निकासी का मामला

Meenu | July 18, 2026 | 11:52 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा : मनरेगा योजनाओं में पारदर्शिता के दावों के बीच जामताड़ा जिले के करमाटांड़ प्रखंड की करमाटांड़ पंचायत में पशु शेड निर्माण योजना में कथित वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। आरोप है कि निर्माण कार्य शुरू होने से पहले ही दो योजनाओं में करीब 2.5 लाख रुपये की राशि निकाल ली गई। मामले में स्थानीय लोगों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

यह भी पढ़ें : पलामू में महिलाओं ने किया स्वैच्छिक रक्तदान, मानवता और सेवा भाव की पेश की मिसाल

बिना निर्माण कार्य के राशि निकासी का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि बिचौलियों, मुखिया, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक और अन्य संबंधित कर्मियों की मिलीभगत से पशु शेड निर्माण योजनाओं में सरकारी राशि का भुगतान कर दिया गया, जबकि मौके पर निर्माण कार्य शुरू तक नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों योजनाओं में बिना नींव खोदे ही मजदूरी, सामग्री और कुशल मजदूर के नाम पर भुगतान दर्शाया गया है।

परेश मंडल की योजना में 1.20 लाख रुपये से अधिक निकासी का दावा

जानकारी के अनुसार, हेठ करमाटांड़ निवासी परेश मंडल के नाम स्वीकृत पशु शेड (वर्क कोड-55801) में जून 2025 के दौरान कथित रूप से फर्जी मजदूरों के नाम पर करीब 17,145 रुपये की मजदूरी निकाली गई। इसके अलावा मार्च 2026 में सामग्री आपूर्ति के नाम पर किसान हार्डवेयर के बिल संख्या 375 के जरिए 86,270 रुपये तथा कुशल मजदूर (मिस्त्री) के नाम पर 16,236 रुपये का भुगतान दर्शाया गया। आरोप है कि इस योजना में कुल 1.20 लाख रुपये से अधिक की निकासी की गई।

गीता देवी की योजना में भी अनियमितता के आरोप

इसी तरह गीता देवी के नाम स्वीकृत पशु शेड (वर्क कोड-55805) में भी लगभग 1.22 लाख रुपये के भुगतान का आरोप लगाया गया है। आरोपों के मुताबिक मजदूरी मद में करीब 20,400 रुपये, कुशल मजदूर के नाम पर 16,300 रुपये और सामग्री मद में किसान हार्डवेयर के बिल संख्या 385 के माध्यम से 85,400 रुपये का भुगतान दिखाया गया है।

जांच की मांग, आरोप सही मिले तो होगी कार्रवाई- BDO

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि दोनों योजनाओं में निर्माण कार्य शुरू हुए बिना ही बड़ी राशि की निकासी कर ली गई, जिससे मनरेगा योजनाओं के क्रियान्वयन पर सवाल खड़े हो गए हैं। इस मामले पर करमाटांड़ प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) एजाज हुसैन ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है। इसकी जांच कराई जाएगी और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें