हजारीबाग में दर्दनाक सड़क हादसा: करसो पुल के पास बाइक सवार की मौत, पुलिस जांच में जुटी

Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग : बरही थाना क्षेत्र के बरही नदी स्थित करसो पुल के पास शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बड़कागांव के बादम निवासी 40 वर्षीय तसव्वर अंसारी (पिता- मुकीम अंसारी) के रूप में हुई है। हादसे के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार तसव्वर अंसारी शुक्रवार सुबह रोज की तरह बाइक पर कोयला लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। सुबह करीब सात बजे करसो पुल के समीप उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक कुछ दूरी तक सड़क पर घिसटती चली गई। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

यह भी पढ़ें : पलामू में घर के अंदर फंदे से लटका मिला 45 वर्षीय व्यक्ति का शव, हत्या या आत्महत्या?

पुलिस कर रही है दुर्घटना के कारणों की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही साथ चल रहे अन्य बाइक सवारों ने बरही थाना पुलिस को सूचना दी। एसआई सुमित साह, थाना प्रभारी विनोद कुमार और एसआई दीपक नाग पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी और शव को पोस्टमार्टम के लिए बरही अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया।

स्थानीय लोगों की अपील- सड़क सुरक्षा नियमों का करें पालन

घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने की अपील की। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Share this news

संबंधित खबरें