सरायकेला: गौरी घाट में मिला विजय प्रकाश का शव, मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

Meenu | July 16, 2026 | 04:59 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कपाली ओपी के बांकुली स्थित गौरी घाट से गुरुवार को एक 52 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान विजय प्रकाश के रूप में हुई है, जो जमशेदपुर के बारिडीह स्थित वास्तु विहार के निवासी थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें : पाकुड़ में JLKM की बड़ी कार्रवाई, जिला अध्यक्ष हसन अंसारी पदमुक्त; नौकरी दिलाने के नाम पर रुपये लेने के आरोप

15 जुलाई को दर्ज हुई थी गुमशुदगी

कपाली ओपी के सब-इंस्पेक्टर हीरालाल मुंडू के अनुसार, परिजनों ने बताया था कि विजय प्रकाश की आखिरी लोकेशन कपाली क्षेत्र में मिली थी। इसके बाद 15 जुलाई को उनकी गुमशुदगी की शिकायत कपाली ओपी में दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान पुलिस को गौरी घाट पुल के पास से विजय प्रकाश की बाइक, हेलमेट, चश्मा और चाबी बरामद हुई थी। पुलिस जांच में सामने आए सीसीटीवी फुटेज में विजय प्रकाश अपनी बाइक पुल पर खड़ी कर वहां बैठे हुए दिखाई दिए थे। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चल पाया था, जिससे पुलिस और परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

गुरुवार को स्थानीय मछुआरों ने गौरी घाट में एक शव तैरता हुआ देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान विजय प्रकाश के रूप में की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। विजय प्रकाश की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

Share this news

संबंधित खबरें