Samachar Post रिपोर्टर,रांची : केंद्र सरकार ने झारखंड कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी एम तमिलवानन को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। केंद्रीय कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) ने सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (SVP-NPA), हैदराबाद में उनके वर्तमान पद को अपग्रेड करने के गृह मंत्रालय के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस मंजूरी के बाद एम तमिलवानन अब राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में ज्वाइंट डायरेक्टर के स्तर पर अपनी सेवाएं देंगे।
यह भी पढ़ें : कोडरमा के नवलशाही स्टेशन पर मालगाड़ी से कथित कोयला चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
डिप्टी डायरेक्टर के पद को किया गया अपग्रेड
केंद्र सरकार द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, एम तमिलवानन वर्तमान में डिप्टी डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थे। गृह मंत्रालय ने उनके पद को अस्थायी रूप से ज्वाइंट डायरेक्टर के स्तर पर अपग्रेड करने का प्रस्ताव भेजा था, जिसे ACC ने स्वीकृति प्रदान कर दी। इस फैसले के बाद वे उसी संस्थान में उच्च पद पर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। एम तमिलवानन 2008 बैच के झारखंड कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। झारखंड में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिलों में एसपी (SP) और एसएसपी (SSP) के रूप में सेवाएं दी हैं। अपने प्रशासनिक अनुभव और नेतृत्व क्षमता के कारण वे राज्य पुलिस सेवा के प्रमुख अधिकारियों में गिने जाते हैं।

केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैदराबाद में हैं तैनात
वर्तमान में एम तमिलवानन केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (SVP-NPA) में कार्यरत हैं। यह देश की प्रमुख पुलिस प्रशिक्षण संस्था है, जहां भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के प्रशिक्षु अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाता है। उनकी पदोन्नति को पुलिस प्रशिक्षण और प्रशासनिक क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Reporter | Samachar Post

