टाटा स्टील कलर्स में बड़ा औद्योगिक हादसा, मशीन की चपेट में आने से कर्मचारी का हाथ कटा

Rupa Kumari | July 13, 2026 | 05:42 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : जमशेदपुर स्थित टाटा स्टील कलर्स में ड्यूटी के दौरान हुए एक गंभीर औद्योगिक हादसे में कर्मचारी सन्नी चौधरी का दाहिना हाथ मशीन की चपेट में आने से कट गया। हादसे के बाद उन्हें तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, जहां उनका ऑपरेशन किया गया। फिलहाल उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें अस्पताल के क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) में रखा गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बारीडीह निवासी सन्नी चौधरी पिछले करीब आठ वर्षों से शाम्भवी इंटरप्राइजेज के माध्यम से टाटा स्टील कलर्स के मैकेनिकल विभाग में कार्यरत हैं। रविवार रात करीब 9 बजे ड्यूटी के दौरान वह अचानक मशीन की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि उनका दाहिना हाथ बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के तुरंत बाद सहकर्मियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है।

अस्पताल पहुंचे कंपनी और एजेंसी के अधिकारी

हादसे की सूचना मिलते ही टाटा स्टील कलर्स के वरिष्ठ अधिकारी और शाम्भवी इंटरप्राइजेज के प्रतिनिधि टाटा मेन हॉस्पिटल पहुंचे। अधिकारियों ने घायल कर्मचारी के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया। हालांकि, घटना को लेकर कंपनी प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। घायल कर्मचारी के मामा दीपक कुमार ने कहा कि परिवार चाहता है कि सन्नी चौधरी के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए कंपनी प्रबंधन स्थायी नौकरी का लिखित आश्वासन दे। उन्होंने मांग की कि घायल कर्मचारी के इलाज का पूरा खर्च कंपनी उठाए और उचित मुआवजे की भी लिखित गारंटी दी जाए। परिजनों का कहना है कि हादसे के बाद परिवार गहरे संकट में है और भविष्य को लेकर चिंतित है।

यह भी पढ़ें: गोड्डा बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; हथियार, नकदी और सोना बरामद

सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल

इस घटना के बाद औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों और कार्यस्थल पर कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। श्रमिकों का कहना है कि ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा उपायों की नियमित समीक्षा और निगरानी आवश्यक है। फिलहाल घायल कर्मचारी का इलाज जारी है और परिवार उसकी हालत में सुधार की उम्मीद कर रहा है। वहीं, प्रबंधन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।

Share this news

संबंधित खबरें