Samachar Post डेस्क, पटना : बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के बीच सोमवार को राजनीतिक हलचल तेज हो गई, जब जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) की प्रत्याशी वीणा मानवी को नामांकन दाखिल करने के कुछ ही समय बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि उनकी गिरफ्तारी के लिए सोमवार को वारंट जारी किया गया था, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद जेजेडी प्रमुख तेज प्रताप यादव ने सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश बताया है। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी की प्रत्याशी को जानबूझकर झूठे मामले में फंसाया गया है।
गिरफ्तारी पर भड़के तेज प्रताप यादव
वीणा मानवी की गिरफ्तारी के बाद तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो संदेश जारी कर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि फिलहाल वह दिल्ली में हैं, लेकिन जल्द ही बिहार पहुंचकर पूरे मामले को जनता के सामने रखेंगे और सरकार का घेराव करेंगे। तेज प्रताप ने आरोप लगाया कि एक महिला प्रत्याशी के साथ अन्याय किया जा रहा है और बांकीपुर की जनता इस पूरी घटना को देख रही है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी वीणा मानवी के साथ मजबूती से खड़ी है और न्याय के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
चुनाव जीतने की संभावना से घबराकर की गई कार्रवाई
तेज प्रताप यादव ने दावा किया कि वीणा मानवी को क्षेत्र में जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा था और उनकी जीत की संभावना मजबूत थी। इसी वजह से उन्हें राजनीतिक साजिश के तहत निशाना बनाया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि पुलिस के पास पहले से वारंट था, तो पिछले कई दिनों से क्षेत्र में सक्रिय प्रचार कर रहीं वीणा मानवी के खिलाफ उसी समय कार्रवाई क्यों नहीं की गई। तेज प्रताप के अनुसार, नामांकन के तुरंत बाद गिरफ्तारी यह संकेत देती है कि कार्रवाई पूर्व नियोजित थी।

पटना पहुंचकर करेंगे बड़ा खुलासा
जेजेडी प्रमुख ने कहा कि पटना पहुंचने के बाद वह प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा करेंगे। उन्होंने दावा किया कि उन्हें इस कथित साजिश के पीछे शामिल लोगों की जानकारी है और उचित समय पर सभी तथ्यों को सार्वजनिक किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पार्टी न्यायपालिका पर पूरा भरोसा रखती है और कानूनी लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है। जरूरत पड़ने पर अदालत का दरवाजा भी खटखटाया जाएगा।
यह भी पढ़ें: CSK में खत्म हुआ स्टीफन फ्लेमिंग का 18 साल का सफर, आईपीएल 2027 से पहले हेड कोच पद से अलग हुए
बांकीपुर उपचुनाव में बढ़ा राजनीतिक तापमान
वीणा मानवी की गिरफ्तारी के बाद बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव का राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया है। विपक्षी दल इस कार्रवाई को लेकर सवाल उठा रहे हैं, जबकि प्रशासन की ओर से अब तक गिरफ्तारी के कारणों को लेकर विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इस बीच, जेजेडी ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताते हुए चुनावी निष्पक्षता पर सवाल खड़े किए हैं। आने वाले दिनों में यह मामला बिहार की राजनीति में बड़ा मुद्दा बन सकता है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

