Samachar Post रिपोर्टर,चतरा : चतरा जिले के हंटरगंज निवासी और भाजपा युवा नेता श्रीनिवास सिंह को पुलिस ने हिरासत में लिया है। उन पर झारखंड हाईकोर्ट में कथित रूप से फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत करने का आरोप है। पुलिस ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा है कि कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। चतरा के एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि श्रीनिवास सिंह को एक पुराने मामले में उच्च न्यायालय के समक्ष कथित तौर पर गलत दस्तावेज पेश किए जाने के आरोप में हिरासत में लिया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
यह भी पढ़ें : बिहार में हेली टूरिज्म सेवा की शुरुआत, 18 जुलाई से हेलीकॉप्टर से पर्यटन स्थलों की सैर कर सकेंगे पर्यटक
रांची में पुलिस ने रोका, हंटरगंज पुलिस लेकर पहुंची चतरा
जानकारी के अनुसार, श्रीनिवास सिंह सोमवार को चतरा में आयोजित रोड सेफ्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान रांची की कांके पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद हंटरगंज पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर चतरा रवाना हुई। यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब श्रीनिवास सिंह पिछले करीब एक महीने से खनन पदाधिकारी मनोज टोप्पो और वन विभाग के डीएफओ पर कथित अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए लगातार मुखर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भी कई गंभीर आरोप लगाए थे।

जांच के बाद होगी स्थिति स्पष्ट
पुलिस ने फिलहाल जांच का हवाला देते हुए मामले में विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ने के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।

Reporter | Samachar Post

