Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र स्थित महतोडीह में ट्रांसफार्मर मरम्मत कार्य के दौरान करंट लगने से एक बिजली कर्मी की मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिजनों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है और उचित मुआवजे की मांग की है। मृतक की पहचान मटरूखा पंचायत निवासी 46 वर्षीय सरयू पंडित के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह पिछले लगभग 18 वर्षों से डांडीडीह पावर हाउस में कैजुअल वर्कर के रूप में कार्यरत थे। रविवार को उन्हें महतोडीह क्षेत्र में ट्रांसफार्मर मरम्मत और तकनीकी कार्य के लिए भेजा गया था। बताया जा रहा है कि कार्य शुरू करने से पहले संबंधित लाइन का शटडाउन लिया गया था, ताकि सुरक्षित तरीके से काम किया जा सके।
अचानक चालू हो गई लाइन
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, कार्य के दौरान अचानक बिजली लाइन चालू हो गई, जिससे सरयू पंडित तेज करंट की चपेट में आ गए। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही गिर पड़े। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भी घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। मटरूखा पंचायत के मुखिया रविंद्र कुमार ने इस हादसे को बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही का परिणाम बताया है। उनका आरोप है कि बिना समुचित सुरक्षा सुनिश्चित किए या पूर्व सूचना दिए बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई, जिससे यह जानलेवा हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि यदि सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता तो एक कर्मी की जान बचाई जा सकती थी।
यह भी पढ़ें: झारखंड के जेल आईजी सुदर्शन मंडल को हार्ट अटैक, रांची के अस्पताल में भर्ती
मुआवजे और जांच की मांग
घटना की सूचना पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारियों को दे दी गई है। परिजनों ने मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा, नौकरी में समायोजन और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और विभागीय स्तर पर भी घटना की परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

