जमशेदपुर में युवक पर चापड़ से हमला, गंभीर हालत में TMH में भर्ती; पुलिस जांच में जुटी

Rupa Kumari | July 13, 2026 | 10:50 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : शहर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित टाउन हॉल के समीप रविवार देर रात एक युवक पर धारदार हथियार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में घायल युवक को गंभीर अवस्था में टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

फाइनेंस कंपनी का कलेक्शन एजेंट है घायल युवक

घायल युवक की पहचान सिदगोड़ा के विद्यापति नगर निवासी अभिषेक गिरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह एक फाइनेंस कंपनी में कलेक्शन एजेंट के तौर पर कार्यरत हैं। घटना के समय उनके साथ अजय रविदास भी मौजूद थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, देर रात कुछ युवकों ने दोनों पर अचानक हमला कर दिया। हमले में अभिषेक गिरी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके साथी को भी चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों को अस्पताल पहुंचाया।

मारपीट और लूटपाट का भी आरोप

पीड़ित पक्ष ने अमित सिंह, अभिषेक सिंह, रितिक सिंह और देप्पू नामक युवकों पर हमले का आरोप लगाया है। आरोप है कि हमलावरों ने दोनों युवकों के साथ मारपीट करने के अलावा करीब 10 हजार रुपये भी लूट लिए। हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी भी आरोपी के नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों और तथ्यों की जांच की जा रही है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह सामने नहीं आ सकी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं ताकि घटना की वास्तविक वजह और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सके।

यह भी पढ़ें: सरकारी नौकरी मिलने के बाद पत्नी को नहीं माना, हाईकोर्ट ने शिक्षक की अपील खारिज कर वैवाहिक संबंध बहाल करने का दिया आदेश

जांच पूरी होने के बाद होगी कार्रवाई

सिदगोड़ा थाना पुलिस के अनुसार, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घायल युवक का इलाज जारी है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।

Share this news

संबंधित खबरें