श्रावणी मेला 2026: सुरक्षा व्यवस्था को लेकर झारखंड पुलिस अलर्ट, आज DGP की अध्यक्षता में होगी हाई-लेवल बैठक

Samachar Post रिपोर्टर,देवघर : श्रावणी मेला-2026 के शांतिपूर्ण और सुरक्षित आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए झारखंड पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मेला की सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा के लिए आज (13 जुलाई) शाम 5:30 बजे पुलिस मुख्यालय, रांची से पुलिस महानिदेशक (DGP) की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित होगी। यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से होगी, जिसमें मेला से जुड़े सभी प्रमुख जिलों के पुलिस अधिकारी शामिल होंगे। आईजी अभियान की ओर से जारी निर्देश के अनुसार संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षकों और वरिष्ठ अधिकारियों को बैठक में शामिल होने तथा सुरक्षा तैयारियों की अद्यतन जानकारी प्रस्तुत करने को कहा गया है।

यह भी पढ़ें : ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान के दौरान झरिया में हंगामा, पुलिस टीम पर पथराव; सुतली बम फेंकने का आरोप

देवघर, दुमका, जमशेदपुर और रेल एसपी धनबाद को विशेष निर्देश

श्रावणी मेला के मुख्य रूट और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए देवघर, दुमका, जमशेदपुर के पुलिस अधीक्षकों तथा रेल एसपी धनबाद को बैठक में अनिवार्य रूप से शामिल होने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही सभी संबंधित एसपी को मेला सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत एवं अपडेटेड रिपोर्ट 10 जुलाई तक पुलिस मुख्यालय, रांची को उपलब्ध कराने का निर्देश पहले ही दिया जा चुका था।

श्रावणी मेला में 8,743 पुलिसकर्मियों की होगी तैनाती

श्रावणी मेला-2026 के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कुल 8,743 पुलिसकर्मियों और सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। सभी प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों, लाठी बल और सशस्त्र बलों को 25 जुलाई 2026 की पूर्वाह्न तक देवघर में योगदान देने का निर्देश दिया गया है। यह प्रतिनियुक्ति 31 अगस्त 2026 तक प्रभावी रहेगी।

पुरुष और महिला पुलिस बल की बड़ी तैनाती

मेला सुरक्षा के लिए विभिन्न श्रेणियों में पुलिस बल की व्यापक तैनाती की गई है। इसमें 5,365 पुरुष लाठी बल, 440 महिला लाठी बल, 92 इंस्पेक्टर, 2018 बैच के 28 दारोगा, 730 एएसआई, 1,110 पुरुष सशस्त्र बल समेत बड़ी संख्या में अन्य पुलिसकर्मी और सुरक्षा बल शामिल किए गए हैं। झारखंड पुलिस का लक्ष्य है कि लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को पूरे मेला अवधि के दौरान प्रभावी ढंग से बनाए रखा जाए।

संबंधित खबरें