ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान के दौरान झरिया में हंगामा, पुलिस टीम पर पथराव; सुतली बम फेंकने का आरोप

Rupa Kumari | July 13, 2026 | 10:36 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : झरिया थाना क्षेत्र के कतरास मोड़ में रविवार देर शाम ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान के दौरान उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब पुलिस कार्रवाई का विरोध कर रहे कुछ लोगों ने कथित रूप से पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। घटना के दौरान सुतली बम फेंके जाने की भी सूचना है, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई और क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया। जानकारी के अनुसार, झरिया थाना की गश्ती टीम ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान के तहत क्षेत्र में निगरानी कर रही थी। इसी दौरान कतरास मोड़ स्थित शराब दुकान के समीप कुछ लोगों का जमावड़ा दिखाई दिया। पुलिस ने वहां मौजूद लोगों को हटने और भीड़ नहीं लगाने की सलाह दी। इसी बात को लेकर कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।

पुलिस वाहन पर पथराव, धमाकों से मचा हड़कंप

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ उपद्रवी तत्वों ने पुलिस वाहन को निशाना बनाते हुए पथराव शुरू कर दिया। इसी दौरान दो सुतली बम फेंके जाने की भी बात सामने आई, जिससे तेज धमाकों की आवाज सुनाई दी। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई। कई लोगों ने एहतियातन अपनी दुकानें बंद कर दीं और सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए। घटना की सूचना मिलते ही झरिया थाना के अलावा आसपास के थाना क्षेत्रों की पुलिस और अतिरिक्त बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद कतरास मोड़ से सिंह नगर तक फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस का उद्देश्य क्षेत्र में शांति बनाए रखना और लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना था।

यह भी पढ़ें: जामताड़ा में ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बेटा गिरफ्तार, पिता फरार

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस देर रात तक इलाके में गश्त करती रही। अधिकारियों के अनुसार, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है ताकि पथराव और बमबाजी में शामिल लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस ने संकेत दिया है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद कतरास मोड़ और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल बना रहा। हालांकि पुलिस का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

Share this news

संबंधित खबरें